सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : नवनीत कौर के गोल से बढ़त लेने के बावजूद भारत की महिला हॉकी टीम मेजबान ऑस्ट्रेलिया से पर्थ में चार मैत्री मैचों की सीरीज के पहले मैच में मंगलवार को 1-2 से हार गई। एबी विल्सन के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे दो गोल की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पिछड़ने के बाद 2-1 की बढ़त ले मैच जीत लिया। नवनीत कौर ने पहले क्वॉर्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारतीय महिला हॉकी टीम का खाता खोला। भारत ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने तक 1-0 की बढ़त बरकरार रखी।
एबी विल्सन ने तीसरे क्वॉर्टर में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर ऑस्ट्रेलिया को एक एक की बराबरी दिलाई। एबी विल्सन ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से आगे कर दिया। ऑ स्ट्रेलिया ने इस बढ़त को आखिर तक बरकरार रख मैच जीत लिया।





