स्वीटी को महिला यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप में भारत की सब जूनियर महिला टीम की कमान
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : स्ट्राइकर केतन कुशवाहा मस्कट(ओमान) में 20 से 25 जुलाई तक होने वाली पहली पुरुष यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप, मस्कट 2026 के लिए भारत की सब जूनियर पुरुष टीम के कप्तान होंगे। वही स्ट्राइकर स्वीटी कुमारी महिला यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप, 2026 में भारत की सब जूनियर महिला टीम की कप्तान होंगी। भारतीय टीमों की घोषणा हॉकी इंडिया ने मंगलवार को की। एफआईएच अंडर 18 यूथ हॉकी 5 विश्व कप का अधिकारिक एशियन क्वॉलिफायर है। भारत की सब जूनियर पुरुष और सब जूनियर महिला टीमों का चयन क्रमश: चंडीगढ़ और भोपाल में फिलहाल चल रहे शिविर में इसके लिए चुनी गई 15-15 खिलाड़ियों से किया गया। इस टूर्नामेंट में सब जूनियर पुरुष और सब जूनियर महिला वर्गो में सात सात टीमें शिरकत करेंगी। यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप में सब जूनियर पुरुष वर्ग में मेजबान ओमान, भारत, पाकिस्तान, इरान, इराक, सउदी अरब और बांग्लादेश की टीमें शिरकत करेंगी। महिला यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप में सब जूनियर महिला वर्ग में भारत, पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान और ईरान की टीमें भाग लेंगी।
पहली यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप, 2026 के लिए भारत की सब जूनियर पुरुष टीम :
गोलरक्षक सावन कुमार, आयुष रजक।
रक्षा पंक्ति : करण गौतम, आशीष तानी पूर्ति।
मध्य पंक्ति : राहुल यादव, रोमित पाल।
अग्रिम पंक्ति: केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रहलाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली।
जोर योजनाओं को अमली जामा पहनाने पर : सरदार सिंह
भारत की सब जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच पूर्व हॉकी ओलंपियन सरदार सिंह ने कहा,‘हॉकी 5रोमांचक प्रारूप है जो कि रफ्तार, रचनात्मकता , दबाव में धैर्य बनाए रखने की क्षमता को पुरस्कृत करता है। हमारे लड़कों ने खुद को हॉकी की इस जरूरत के मुताबिक ढाला है। हमारा जोर एक ऐसी एकजुट टीम बनाने का जो आक्रामक हॉकी खेलते हुए पूरे आत्मविश्वास से अपनी योजनाओं को अमली जामा पहना सके। यह हॉकी चैंपियनशिप हमारे इन नौजवान खिलाड़ियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय अनुभव हासिल करने और अपनी क्षमता दिखाने का मौका है। हम अपनी सब जूनियर टीम से पुरुष यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप से मजबूत प्रदर्शन करा देश का गौरव बढ़ाने की आस लगाए है।’
पहली यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप, 2026 के लिए भारत की सब जूनियर महिला टीम:
गोलरक्षक : खिली कुमारी, महक परिहार।
रक्षा पंक्ति : नीलम टोपनो, किरण एक्का।
मध्य पंक्ति : दिया, पुष्पा मांझी,श्रुति कुमारी।
अग्रिम पंक्ति : नौशीन नाज, संदीपा कुमारी, स्वीटी कुजूर(कप्तान)।
हमने संतुलित टीम चुनी है: रानी
भारत की सब जूनियर महिला हॉकी टीम की कोच पूर्व हॉकी ओलंपियन रानी ने कहा, ‘हमने हॉकी कौशल, रफ्तार और जज्बे से खेलनी वाली खिलाड़ियों की एक संतुलित टीम चुनी है। हमारी खिलाड़ियों ने तैयारी शिविर में बहुत मेहनत की। हमारी खिलाड़ियों ने हर लिहाज से अपना खेल बेहतर करने की प्रतिबद्धता दिखाई है।





