मुंबई इंडियंस जब तक रंग में आए तब तक कहीं बहुत देर न हो जाए
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की अगुआई में बल्ले से उनके अनुकरणीय प्रदर्शन और चतुर कप्तानी की बदौलत बड़े स्कोर का पीछा करने का दम दिखाने वाली पंजाब किंग्स शुरू के चार मैचों में से तीन जीत आईपीएल 2026 में सात अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। पंजाब किंग्स की निगाहें अब ‘बूढ़े शेरो’ से सज्जित पांच बार चैंपियन रही मुंबई इंडियंस को मुंबई में बृहस्पतिवार को हरा उसके खिलाफ पिछले छह मैचों में लगातार तीसरी और कुल चौथी जीत के साथ शीर्ष पर पहुंचने पर लगी है। श्रेयस अय्यर की अगुआई में प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह जैसे जाबांज नौजवान सलामी बल्लेबाजों व कूपर कोनोली से सज्जित पंजाब किंग्स ने पिच के मिजाज की परवाह किए बिना बड़े जिगरे से बल्लेबाजी कर बडे़ लक्ष्य को पार करने का दम दिखाया। श्रेयस अय्यर मुंबई के ही बाशिंदे हैं और उन्होंने मुंबई में ही अपने क्रिकेट कौशल को तराशा है और वानखेड़े स्टेडियम की पिच के मिजाज से खूब वाकिफ हैं औ ऐसे में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की चुनौती और कड़ी रहने वाली है। साथ ही पंजाब किंग्स के लिए विजय कुमार व्यस्क, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट और मार्को येनसन जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी और आईपीएल के इतिहास के सबसे कामयाब लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मौके से गेंद पर चौका उसे जीत दिला कर बताया है कि उन्हें प्रतिद्वंद्वी टीम का सस्ते में बिस्तर बांध कर जीत की गाड़ी की सवारी करना खूब आता है। सबसे अच्छी बात है कि शशांक सिंह ने पिछले मैच में न्यू चंडीगढ़ में रनों बारिश करने वाली अभिषेक शर्मा और ट्रेविज हेड की सलामी जोड़ी को अपने एक ही ओवर में आउट कर पंजाब को गेंदबाजी में और विकल्प भी दे दिया है।
बेशक मुंबई इंडियंस भले ही अतीत में आईपीएल में देर से लय पकड़ती रही है लेकिन फिलहाल वह जिस तरह पिछड़ रही है उससे इस बात की आशंका गहरा रही है कि जब तक वह रंग में आए तब तक बहुत देर न हो जाए। मुंबई इंडियंस ने भले ही मुंबई में वानखेड़े के मैदान पर केकेआर के खिलाफ रनों का पहाड़ लांघ जीत से आगाज किया था। ऐसे में फिलहाल नौवें स्थान पर चल रही मुंबई इंडियंस वानखेड़े में पंजाब किंग्स के विजयरथ को रोक कर खुद जीत की राह पकड़ने की आस कर सकती है। मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा और सूर्य कुमार यादव जैसे ‘बूढ़े शेर’जहां शुरू के चार मैचों में जहां मात्र एक एक अर्द्बशतक जड़ पाए हैं वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट मात्र एक विकेट ही चटकाए और जसप्रीत बुमराह को अभी अपने पहले विकेट की तलाश है। मुंबई इंडियंस की मौजूदा सीजन के शुरुआती नाकामी का कारण यह रहा कि न तो उसकी बल्लेबाजी ही रंग में दिखी और न ही उसकी गेंदबाजी में कोई धार दिखी। बड़ा सवाल तो मुंबई इंडियंस के टीम संयोजन को लेकर ही उठने लगा है।
पंजाब किंग्स ने कूपर कोनाली के अर्द्धशतक से पहले मैच में अपने घर न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस को पांच गेंद के बाकी रहते तीन विकेट से, प्रियांश आर्य की 39 रन की तूफानी पारी व कप्तान श्रेयस के अर्द्बशतक से सीएसके को चेन्नै में आठ गेंदों के बाकी रहते पांच विकेट से और कप्तान श्रेयस, प्रियांश और प्रभसिमरन के अर्द्धशतकों से अपने घर में219 रन के पहाड़ के स्कोर को पार कर चौथे मैच में अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया। पंजाब किंग्स का केकेआर के खिलाफ कोलकाता में तीसरा मैच चौथे ओवर में बारिश के चलते न हो पाने पर बेनतीजा अधूरा समाप्त हुआ। वहीं रोहित शर्मा और रेयन रिकल्टन के अर्द्धशतकों से मुंबई इंडियंस अपने घर में केकेआर पर छह विकेट से जीत से आगाज करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स से दिल्ली में छह विकेट से, राजस्थान रॉयल्स से बारिश के कारण 11-11 ओवरों के मैच गुवाहाटी में 27 रन से तथा आरसीबी से अपने घर मुंबई में 18 रन से लगातार तीन मैच हार चुकी है। मुंबई इंडियंस की पिछले लगातार तीन मैच में तीन हार उसके लिए मौजूदा संस्करण में खतरे की घंटी है।
पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर चार मैचों में दो अर्द्धशतक सहित 137 रन बनाए जबकि एक एक अर्द्धशतक सहित प्रभसिमरन सिंह ने 131, कूपर कॉनोली ने 119, प्रियांश आर् ने 103 रन बनाए हैं । मुंबई इंडियंस के लिए पहले मैच में केकेआर के खिलाफ तीन विकेट सहित कुल पांच विकेट चटकाने वाले मध्यम तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर को छोड़ कर उसकी पूरी गेंदबाजी इकाई ही विकेट के लिए जूझती नजर आई है। मुंबई इंडियंस के लिए उसके न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर और गजनफर ने दो दो मैचों तथा कप्तान तेज गेंदबाज हार्दिक पांडया ने तीन मैचों में दो दो विकेट चटकाए है जबकि दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट व कार्बिन बॉश ने एक एक विकेट चटकाया जबकि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को चार मैचों के बाद भी अभी अपने पहले विकेट की तलाश है।
आरसीबी के खिलाफ मैच में जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते मैदान से चार मैचों में एक एक अर्द्धशतक
शतक रोहित शर्मा ने 137, रेयन रिकल्टन 135, सूर्य कुमार यादव ने 106, शेरफन रदरफर्ड ने 101 तथा कप्तान हार्दिक पांडया तीन मैचों में 67 रन बनाए। मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा, रिकल्टन , सूर्य कुमार यादव और तिलक वर्मा शुरू के चार मैचों में पहले का छोड़ कर जूझते नजर आए हैं। ऐसे में पंजाब तेज गेंदबाज विजय कुमार व्यस्क (5 विकेट), जेवियर बार्टलेट (4 विकेट), लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (तीन विकेट), शशांक सिह (2 विकेट) और, अर्शदीप सिंह ( 2 विकेट) के दमदार गेंदबाजों के सामने मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना ही नहीं बल्कि उसका पीछा करना भी मुश्किल चुनौती रहने वाला है।
हम इस साल आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहते हैं: श्रेयस अय्यर
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा,‘ हमें सनराइजर्स के खिलाफ जोरदार शुरुआत मिली। जब आप जीत के लिए 220 रन का पीछा करते तो आपके लिए बढ़िया आगाज जरूरी होता है। हमने सही क्रिकेट शॉट खेले। हमने शुरू में लय बनाई और इसे बनाए रखा। मैंने खुद को कुछ वक्त दिया। हमने पिच के मिजाज की थाह ले ली थी। जब सनराइजर्स हैदराबाद ने तेज अगाज किया तो हम सभी साथ इकट्ठा हुए और तब शशांक ने मुझे कहा कि मुझे एक ओवर दो। तब चीफ कोच रिकी पॉन्टिंग ने मुझसे मेरी राय पूछी तो मैंने कहा कि मैं शशांक को एक ओवर दूंगा। मुझे किसी ऐसे गेंदबाज की जरूरत थी जो रनों की रफ्तार रोक सके और ऐसे में शशांक को सलाम वह कसौटी पर खरे उतरे। हम जानते थे कि हमारे पास कौशल है। इस तरह के पहाड़ के से लक्ष्य का पीछा करने के लिए जेहनी मजबूती जरूरी है। प्रियांश और प्रभसिमरन की हमारी सलामी जोड़ी अब पूरे रंग में दिखी है और उन्हें अपने मन की करने से रोकने की कतई जरूरत नहीं । इससे हमें स्ट्राइक रोटेट करने और जरूरी रन रेट के मुताबिक आगे बढ़ने में मदद मिली। कुछ मिलाकर हमने अपनी कार्यशैली की बढ़िया बानगी दिखाई। हमारे सभी खिलाड़ी मैदान पर बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं। मैं टीम में सभी से यही कहता हूं कि आपको वर्तमान में रहना है और चीफ कोच पॉन्टिंग भी इस बात को खासी अहमियत देते है। हम बीते बरस भी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंचे थे। हम इस साल आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहते हैं। बेशक इसके लिए बहुत प्रयास करना होगा।
हमें बहुत सी चीजों पर फिर से सोचने की जरूरत: हार्दिक पांडया
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांडया ने कहा,‘आरसीबी के पहाड़ के स्कोर के सामने बीच के ओवर में विकेट गंवाने से हमारी गाड़ी पटरी से उतर गई। हमने आरसीबी को बहुत रन बनाने दिए। पिछले कुछ मैचों में गेंदबाजी और बल्लेबाजी इकाई के रूप में हम पिछड़ने पर वापसी की कोशिश कर रहे हैं। हम सच में आत्मचिंतन की जरूरत है कि हम सबसेबढ़िया क्या कर सकते हैं। हमें यह जानने की भी जरूरत है कि वांछित लय कैसे हासिल कर सकते है। हमें बहुत सी चीजों पर फिर से सोचने की जरूरत है। हमें बल्ले और गेंद, दोनों से अन्य विकल्पों पर भी विचार करना होगा। हमें अभी भी बढ़िया बल्लेबाजी और बढ़िया गेंदबाजी की जरूरत है। आप यदि ऐसा करते है तो टॉस कोई भी जीते तो हमें कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। हम इस बाबत बात कर रहे है पॉवरप्ले में कुछ लय कैसे पाई जाए। हम देखेंगे कि पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले मैच में क्या कर सकते हैं।





