शुभमन, विराट, रोहित व बुमराह की टीम में वापसी से भारत के हौसले बुलंद
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : टेस्ट और वन डे कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में भारत मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज में अपने अभियान का आगाज मंगलवार को बर्मिंघम में जीत से करने के मकसद से उतरेगा। रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने इससे पहले जोस बटलर की अगुआई वाली इंग्लैंड टीम से अपने पिछले पांच वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच और लगातार दो सीरीज जीती हैं। इस वन डे में सीरीज भारत की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे जबकि इंग्लैंड की कप्तान हैरी ब्रुक संभालेंगे। शुभमन गिल का इंग्लैंड में बल्लेबाजी रिकॉर्ड शानदार रहा है। शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक इंग्लैंड में चार वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में एक शतक सहित और दो अर्द्धशतकों सहित 268 रन बनाए हैं। शुभमन गिल ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की कप्तानी करते हुए पांच टेस्ट की सीरीज 269 के सर्वोच्च स्कोर सहित 4शतकों सहित 754 रन बनाए थे। शुभमन गिल से भारत इस वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में बल्ले से बीते बरस टेस्ट सीरीज के धमाल को दोहराने की आस में उतरेगा।
खुद कप्तान शुभमन गिल,वन डे क्रिकेट के दो सबसे माहिर सदाबहार अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा, केएल राहुल, के साथ सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी 20 सीरीज में आराम दिए जाने के वन डे सीरीज के लिए टीम में वापसी से भारत के हौसले बुलंद है। लेग स्पिनर कुलदीप यादव के साथ नवोदित तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के रूप में सात वन डे क्रिकेट के मिजाज के मुताबिक खेलने वाली खिलाड़ियों की वापसी से भारतीय वन डे टीम बेशक मेजबान इंग्लैंड को उसके घर में कड़ी चुनौती देने में सक्षम हैं। भारत ने अपने घर में मेहमान अफगानिस्तान का तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने जोस बटलर की अगुआई वाली इंग्लैंड से बीते बरस फरवरी में तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 3-0 से, उसके बाद वन डे विश्व कप में उसे लखनउ में सौ रन से हराने के साथ इससे पहले 2022 में इंग्लैंड से उसके घर में तीन वन डे मैचों की क्रिकेट सीरीज 2-1 से जीती थी। भारत बेशक इंग्लैंड के खिलाफ वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपना दबदबा जारी रख 2027 के वन डे क्रिकेट विश्व कप के लिए खुद को बढ़िया ढंग से तैयार करने उतरेगा।
श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारत पहले आयरलैंड के हाथों दो मैचों की सीरीज 0-2 और फिर इंग्लैंड के हाथों पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज पहले मैच के बारिश के धुलने के बाद 0-4 से गंवाने की टीस को शुभमन गिल की अगुआई में वन डे सीरीज में जीत के साथ भुलाना चाहेगा। नौजवान कप्तान हैरी ब्रुक भले ही मेजबान इंग्लैंड को भारत के खिलाफ पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 4-0 से जिता चुके हैं। शुभमन गिल की अगुआई में इंग्लैंड के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में खेलने उतरने वाली भारतीय टीम उसकी मेजबान टीम से टी 20 सीरीज में खेली टीम से एकदम अलग टीम है। हैरी ब्रुक की अगुआई में वन डे सीरीज में खेलने उतरने वाली इंग्लैंड की टीम जो रूट, बेन डकेट, गस एटकिंसन व रेहान अहमद को छोड़ कर कमोबश वही है, जिसने कि भारत से हाल ही में पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 4-0 से जीती है। भारत भले ही इंग्लैंड से पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 0-4 से हारा लेकिन बावजूद इसके उसके टी 20 सीरीज में उसके कप्तान रहे श्रेयस अय्यर दो अर्द्धशतक सहित कुल 218 रन बना इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक (229) के बाद रन बनाने में दूसरे स्थान पर रहे। साथ ही इशान किशन ने एक अर्द्धशतक सहित 122 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए पूर्व कप्तान जोस बटलर ने आखिरी मैच में साउथम्पटन में जरूर शतक जड़ा लेकिन इसे छोड़ वह जूझते ही नजर आए।
चोट के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ अपने घर में टीम से बाहर रहे चेज मास्टर भारत के विराट कोहली वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 311 मैच खेल कर सबसे ज्यादा 54 शतकों और 77अर्द्धशतकों की मदद से 14797 रन बना कर अपने आदर्श सचिन तेंडुलकर (463 मैच, 49 शतक, 96 अर्द्धशतक ,18426 रन) के बाद दूसरे स्थान पर है। विराट को वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने के लिए मात्र तीन रन की जरूरत है।
विराट की तरह अब केवल वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (285 मैच, 33 शतक, 62 अर्द्धशतक ,11720 रन) दुनिया में वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में आठवें नंबर हैं। इंग्लैड के जो रूट (189 मैच, 20 शतक, 45 अर्द्धशतक,7577 रन) विराट और रोहित से कोसों पीछे हैं। भारत को जीत की राह पर लौटना है तो कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर, इशान किशन के साथ अनुभवी विराट, रोहित और केएल राहुल के साथ ऑलराउंडर शिवम दुबे, अक्षर पटेल को बल्ले से कमाल दिखाना होगा। भारत के बल्लेबाजों को इंग्लैंड के रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, सैम करेन, गस एटकिंसन के साथ अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद व लियाम डासन से चौकस रहना होगा।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी जोश बटलर व बेन डकेट की सलामी जोड़ी के साथ कप्तान हैरी ब्रुक, जो रूट, जैकब बेथल, टॉम बेंटन के साथ ऑलराउंडर विल जैक, सैम करेन पर निर्भर है।इंग्लैंड के कप्तान 27 बरस के हैरी ब्रुक ने अब तक 38 वन डे अंतर्राष्ट्रीय खेल तीन शतकों और छह अर्द्धशतकों सहित 1354 रन बनाए । वहीं भारत के कप्तान 26 बरस के शुभमन गिल ने 64 वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल एक दोहरे शतक सहित नौ शतकों और 18 अर्द्धशतकों की मदद से 3191 रन बनाए हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह , अर्शदीप सिंह के साथ भारत के छह फुट से ज्यादा लंबे कद के गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भारत को शुरू में ही इंग्लैंड के विकेट चटकाने होंगे ही उनके साथ विकेट चटकाने में शिवम दुबे को भी तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति का साथ निभाना होगा। बतौर स्पिनर अक्षर पटेल के साथ हाल ही के महीनों में विकेट के लिए तरसने के बावजूद लेग स्पिनर कुलदीप यादव को बतौर स्पिनर भारत उतारेगा। जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते तेज गेंदबाज हर्षित राणा के वन डे सीरीज से बाहर होने पर भारत ने प्रिंस यादव को इस सीरीज के लिए इग्लैंड में ही रोका। वहीं लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वन डे क्रिकेट सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी 20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम से बाहर हो गए हैं।
पहला वन डे अंतर्राष्ट्रीय : भारत वि इंग्लैंड (दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से, बर्मिंघम)।





