लखनउ सुपर जायंटस रिटर्न मैच में आरसीबी को हरा कर हिसाब चुकता करने उतरेगी

Lucknow Super Giants will look to settle scores by defeating RCB in the return match

  • विराट, पाटीदार, पड्डीकल को लखनउ के प्रिंस व मोहसिन से चौकस रहना होगा
  • स्पिनरों और धीमे गेंदबाजों की भूमिका अहम रह सकती है

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : पुरानी कहावत है कि कामयाबी के लिए पुरुषार्थ के साथ तकदीर भी चाहिए। इस बात को आईपीएल 2026 में नौ में से मात्र दो मैच जीतने और लगातार छह सहित कुल सात मैच हार दसवें और आखिरी स्थान पर चल रही लखनउ सुपर जायंटस के कप्तान कप्तान ऋषभ पंत शिद्दत से महसूस कर रहे हैं। लखनउ सुपर जायंटस कुछ तकदीर के साथ की आस लिए रिटर्न मैच में अपने घर लखनउ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) को बृहस्पतिवार हरा उससे इस सीजन पहले मैच में मिली हार का हिसाब चुका उसे प्ले ऑफ में स्थान बनाने के और करीब पहुंचने से रोकने के मकसद से उतरेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी ) नौ मैचों में छह जीत और तीन हार के साथ 12 अंक ले फिलहाल दूसरे स्थान पर है। बड़ा सवाल यह रहेगा कि क्या इस बार अपने घर में तकदीर लखनउ सुपर जायंटस का साथ देगी।दोनों टीमें अपना अपना पिछला मैच हार चुकी है। आरसीबी बृहस्पतिवार को लखनउ सुपर जायंटस से अपना मैच जीत लेती है तो फिर दस मैचों में सात जीत 14 अंकों के साथ एक कदम प्ले ऑफ में रख लेगी। लखनउ सुपर जायंटस की बड़ी दिक्कत यही है कि वह नौ मैचों के बावजूद अब तक अच्छी सलामी जोड़ी को तलाशने में जुटा है। लखनउ सुपर जायंटस ने मिचेल मार्श के सलामी जोड़ीदार के रूप में एडन मरक्रम, कप्तान ऋषभ पंत और आयुष बड़ोनी तक अलग अलग जोड़ीदारी को आजमाया जरूर लेकिन एक भी जोड़ी अब तक नहीं जमी है। अब मौजूदा आईपीएल का आधा सीजन खत्म होने के बाद पिचों के टूटने से स्पिनरों और धीमे गेंदबाजों की भूमिका बृहस्पतिवार के मैच मेंअहम रह सकती है।

विराट कोहली (379 रन) और देवदत्त पड्डीकल (282 रन) ने आरसीबी के लिए नौ मैचों में तीन तीन तथा कप्तान रजत पाटीदार (257 रन) ने दो अर्द्धशतक जड़े हैं जबकि टिम डेविड (192 रन) ने एक अर्द्धशतक जड़ा है। वहीं जितेश शर्मा (9 मैच, 65 रन) व क्रुणाल पांडया (40 रन) रंग में न होना और दो अर्द्धशतक जड़ने वाले फिल साल्ट( 6 मैच,202 रन) का चोट के चलते बाहर होना आरसीबी को अखर रहा है। आरसीबी के विराट, पड्डीकल और रजत पाटीदार व टिम डेविड जैसे बल्लेबाजों को लखनउ सुपर जायंटस के लिए शुरू के नौ मैचों में सबसे ज्यादा 13 विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ,अनुभवी मोहम्मद शमी ( 8 विकेट) व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान (5मैच, 10 विकेट),आवेश खन (6 मैच, 5 विकेट) और स्पिनर एम सिद्धार्थ (4 मैच, 6 विकेट) व मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी (6 मैच, 3 विकेट) ने खासतौर पर विराट कोहली और जैकब बैथल की सलामी जोड़ी के साथ पड्डीकल और पाटीदार को सस्ते मे आउट कर दिया तो आरसीबी के लिए बड़ा स्कोर खड़ा और बड़े स्कोर का पीछा करना खासी मुश्किल चुनौती साबित हो सकता है।

वहीं लखनउ सुपर जायंटस के लिए 9 मैचों में मिचेल मार्श (258 रन), कप्तान ऋषभ पंत (204 रन ), निकोलस पूरन (146 रन) आयुष बड़ोनी (172 रन), मुकुल चौधरी (8 मैच, 156 रन) ने एक एक अर्द्धशतक जड़ा जबकि एडन मरक्रम (224 रन)को पहले अर्द्धशतक की तलाश है। लखनउ के बल्लेबाजों को आरसीबी के लिए फिलहाल शुरू के 9 मैचों में स्विंग के उस्ताद सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भुवनेश्वर कुमार (17 विकेट), रोमारियो शेफर्ड (5विकेट), जोश हेजलवुड (6 मैच, 8 विकेट), रसिक सलाम (5 मैच, 6 विकेट), जैकब डफी (3 मैच, 6 विकेट) से शुरू के पहले पॉवरप्ले में खासा चौकस रहने की जरूरत होगी। बीच के ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया (9 विकेट) लेग स्पिनर सुयश शर्मा (8 मैच, 7 विकेट) आरसीबी की तुरुप के इक्के साबित हो सकते हैं

मौजूदा सीजन के पहले मैच में रसिक सलाम शेख (4/24) , सदाबहार भुवनेश्वर कुमार (3/27) , जोश हेजलवुड(1/20) जैसे तेज गेदबाजों की त्रिमूर्ति ने गेंद से कहर बरपा और बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया (2/38)ने स्पिन का जाल बुन कर अपने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनउ सुपर जायंटस को मात्र 146 रन पर ढेर करने के बाद विराट कोहली के 49 रन की तूफानी पारी से आरसीबी ने 15.1 ओवर में पांच विकेट पर 149 रन बना पांच विकेट से मैच जीता था। लखनउ सुपर जायंटस की बल्लेबाजी के पत्तों की तरह ढहने के बावजूद उत्साहवर्द्धक बात नौजवान तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (3/32) और आवेश खान (2/23) में पांच विकेट बांटना था।

निकोलस पूरन के तूफानी 63 रन की बदौलत मुंबई इंडियंस से मुंबई में पिछले मैच में लखनउ सुपर जायंटस के निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 228 रन बनाने के बावजूद छह विकेट से हारने के बाद उसके कप्तान ऋषभ पंत ने ठीक ही कहा की उनकी टीम को कुछ तकदीर का साथ चाहिए। वहीं आरसीबी अहमदाबाद में पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के तेज गेदबाज अरशद खान (3/22) व जेसन होल्डर (2/29) और लेग स्पिनर राशिद खान (2/19) के सामने 19.2 ओवर में मात्र 155 रन पर ढेर हो गई थी। कप्तान शुभमन गिल के 43 रन से गुजरात टाइटंस ने 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बना चार विकेट से मैच जीत लिया था।

आरसीबी अहमदाबाद में पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज अरशद खान (3/22) व जेसन होल्डर (2/29) और लेग स्पिनर राशिद खान (2/19) के सामने 19.2 ओवर में मात्र 155 रन पर ढेर हो गई थी। कप्तान शुभमन गिल के 43 रन से गुजरात टाइटंस ने 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बना चार विकेट से मैच जीत लिया था। देखना है कि आरसीबी के विराट और जैकब बैथल की नई सलामी जोड़ी लखनउ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव , शमी व मोहसिन खान के खिलाफ पॉवरप्ले में कितनी कामयाब रहती है।

हम चाहिए कुछ तकदीर का साथ : ऋषभ पंत
लखनउ सुपर जायटस के कप्तान ऋषभ पंत ने मुंबई इंडियंस के हाथों मुंबई में छह विकेट से हार के बाद कहा, ‘ हमने जिस तरह मुंबई इंडियंस के खिलाफ आगाज किया उस लिहाज से हमें बेशक और ज्यादा रन बनाने चाहिए थे। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने स्थितियों का लाभ उठा कर बढ़िया गेंदबाजी की। हमने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 15-20 रन कम बनाए और हमें इस पिच पर230 से बेशक ज्यादा रन बनाने चाहिए थे। इस तरह की पिच पर आप अपने बल्लेबाजों को दोष नहीं दे सकते उन्होंने बढ़िया ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभाई। हमें कुछ तकदीर का भी साथ चाहिए, यह तो तय है इसके लिए हमें और ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी।‘

हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है : रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी टीम की गुजरात टाइटंस के हाथों हार पर कहा, ‘गुजरात टाइटंस के खिलाफ हैदराबाद की पिच पर हमारा स्कोर पर्याप्त नहीं था, लेकिन इसके बावजूद हमने मैच को जिस तरह 16वें ओवर तक खींचा वह जरूर हमारे लिए सकारात्मक बात थी। पिच पर अच्छी घास से तेज गेंदबाजों को मदद मिली। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने अपने अंदाज में खेल पर हम पर दबाव बनाया। हमने बल्लेबाजी करते हुए बीच के ओवरों में काफी विकेट गंवा इस मैच में पिछड़ गए। हमारी हार के बावजूद हमारे सदाबहार स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार (3/28)ने बेहतरीन गेंदबाजी की। हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है और हम एक समय केवल एक मैच की बाबत ही सोच रहे हैं। हम अंक तालिका की ओर नहीं देख रहे। हमारा मकसद बढ़िया क्रिकेट खेलना है।’
बृहस्पतिवार का मैच : लखनउ सुपर जायंटस वि आरसीबी, लखनउ (शाम साढ़े सात बजे से)।