मोरक्को के लिए अजेदिन ओनही ने दागे दो गोल
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : मिडफील्डर अजेदिन ओनही के दूसरे हाफ के दो और सूफियान रहीमी के खेल खत्म ठीक पहले इंजुरी टाइम में दागे गोल की बदौलत मोरक्को ने सह मेजबान कनाडा को हयुस्टन में रविवार सुबह 3-0 से हरा कर क्वॉर्टर फाइनल में स्थान बना लिया। मोरक्को अब क्वॉर्टर फाइनल में 9 जुलाई को बोस्टन में उसी फ्रांस से भिड़ेगी। मोरक्को 2022 में विश्व कप में कतर में सेमीफाइनल में फ्रांस से 0-2 से हार गई थी। कनाडा का मौजूदा विश्व कप के अंतिम 16 में पहुंचना ही उसके लिए बड़ी उपलब्धि है क्योंकि इससे पहले कभी भी उसकी टीम ने विश्व कप में एक भी मैच नहीं जीता था।
कनाडा ने पहले हाफ में प्री क्वॉर्टर फाइनल में मोरक्को से बेहतर खेल दिखाया। कनाडा के फुटबॉलरों ने पूरी उर्जा और शिद्दत से खेलते हुए पहले हाफ मे कई कॉर्नर हासिल किए लेकिन गोल नही कर पाए। कनाडा के विंगर अली अहमद ने मोरक्को के गोल के बाहर गेद संभली कर तानी ओलूवसई की ओर बढ़ाई, जिन्होंने तेज फर्राटा लगा पहले डिफेंडर रेडूनी हलहल को छकाया तेज शॉट जमाया लेकिन मोरक्को के कनाडा में जन्में गोलरक्षक यासीन बोनू ने अच्छा पूर्वानुमान लगा गेंद को रोक कर उन्हें गोल करने से रोक दिया।
मोरक्को की टीम पहले हाफ में लय ही नही पा सकी। कनाडा के तजोन बुकानन ने दूसरे हाफ के शुरू में नीचा ड्राइव लगाया लेकिन मोरक्को कृ गोरक्षक बोनू ने इसे रोक कर कनाडा को गोल करने से रोक दिया। स्ट्राइकर ब्राहिम डायज के दूसरे हाफ के पांचवें मिनट में जवाबी हमले पर मिडफील्डर अजेदिन ओनही ने उंचा शॉट जमा गोल कर मोरक्को का खाता खोला। ओनही का यह विश्व कप में मोरक्को के लिए पहला गोल था।मिडफील्डर अजेदिन ओनही ने खेल खत्म होने से आठ मिनट पहले मैच का अपना दूसरा गोल कर मोरक्को को 2-0 से आगे कर दिया। अजेदिन ओनही इसके साथ ही सेनेगल के हेनरी कामरा के 2002 में स्वीडन के खिलाफ दो गोल करने के बाद यह नाकआउट में यह कारनामा करने वाले पहले अफ्रीकी फुटबॉलर बन गए। डायज द्वारा खेल खत्म होने से इंजुरी टाइम में बढ़ाई गेंद को रहीमी ने चतुराई से गोल कर मोरक्को को 3-0 से जीत के साथ विश्व कप के अंतिम 8 में पहुंचा दिया।
कनाडा पर यह जीत आसान नहीं रही: अजेदिन ओनही
मोरक्को के लिए दो गोल करने वाले मिडफील्डर अजेदिन ओनही ने कहा,‘ मैं रविवार को मोरक्को के लिए कनाडा के खिलाफ दो गोल कर बहुत खुश हूं। हमारे लिए कनाडा पर यह जीत आसान नहीं रही। कनाडा ने हमारे लिए पहले हाफ में बहुत दिक्कतें पेश की। कनाडा के खिलाफ मैच यह संघर्षपूर्ण जीत हमें आगे बढ़ने में मददगार साबित होगी। हमने इस विश्व कप में देखा है कि कोई भी मैच आसान नहीं है। सबसे अहम यह है कि हमारी टीम क्वॉर्टर फाइनल में पहुंच गई है।’
कनाडा ने हमें कड़ी टक्कर दी: ओहाबी
मोरक्को के कोच मोहम्मद ओहाबी ने कहा,‘ हम अपनी टीम की जीत पर बहुत खुश हैं। कनाडा के खिलाफ यह विश्व कप मैच बेहद मुश्किल था क्योंकि इस तरह मुश्किल मैचों में टीमें अपनी पूरी ताकत झोंक देती हैं। हमने कनाडा के खिलाफ दूसरे हाफ में बढ़िया खेल दिखा कर उससे गेंद छीनी। मैं बेशक यह जरूर कहूंगा कि कनाडा ने हारने के बावजूद गजब का जज्बा दिखा हमें कड़ी टक्कर दी। दूसरे हाफ में कनाडा द्वारा रक्षण में छोड़ी दरारों का लाभ उठा कर गोल करना हमारी जीत का सबब बना।‘
मोरक्को ने हमसे बेहतर खेल दिखाया: मार्श
कनाडा के कोच जेसी मार्श ने कहा,‘मोरक्को ने हमसे कुछ बेहतर खेल दिखाया लेकिन उसके खिलाफ शिद्दत से खेलना कोई दिक्कत नहीं थी। मैच के आखिर में मोरक्को ने हमसे बेहतर खेल दिखाया। जब हमें गोल के अभियान बनाने की जरूरत थी तब हम मोरक्को से कुछ पिछड़ गए। मैच के लिए हमारी योजना और हम जिस की फुटबॉल खेलना चाहते हैं उस लिहाज से देखे तो हमारे खिला़डि़यों को खुद पर भरोसा है और वे पूरे जीवट के साथ अब तक मोरक्को जैसी अजेय टीम का सामना करने उतरे थे। मैं यह जरूर कह सकता हूं कि हमने मोरक्को को कड़ी टक्कर दी। हमारी टीम पहले हाफ और दूसरे हाफ के शुरू में मोरक्को से बेहतर खेली। मोरक्को ने दूसरे हाफ में जो एक मौका मिला उसने उसे भुना कर गोल दागा। हमने पहले हाफ में मोरक्को के गोल कर 11 हमले बोले लेकिन हम एक को भी थे गोल में तब्दील न कर बढ़त नही ले पाए।’





