नॉर्वे के लिए अर्लिंग हालैंड ने दागे दो गोल, गोलरक्षक नेलैंड का मुस्तैद प्रदर्शन
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड के आखिरी 11 मिनट में मौकों को भुनाने की कला की बानगी दिखाते हुए दागे दो बेहतरीन गोल तथा गोलरक्षक ओरन नेलैंड की मुस्तैदी की बदौलत नॉर्वे ने पांच बार की चैंपियन ब्राजील पर न्यूयॉर्क के न्यूजर्सी स्टेडियम में सोमवार को 2-1 सनसनीखेज जीत के साथ उसे बाहर कर फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के क्वॉर्टर फाइनल में स्थान बना इतिहास रच दिया। ब्राजील की टीम अब तक के विश्व कप फुटबॉल के मौजूदा सहित सभी 23 संस्करणो में शिरकत करने वाली इकलौती टीम है।
ब्राजील के लिए मैच का इकलौता गोल खेल खत्म होने से ठीक पहले नेमार जूनियर ने पेनल्टी किक पर दागा। नॉर्वे की टीम पहली बार विश्व कप के क्वॉर्टर फाइनल में पहुंची है। ब्राजील की 1990 में चिर प्रतिद्वंद्वी अर्जेंटीना से हारने के बाद अंतिम 16 मुकाबले में यह पहली हार है। ब्राजील को ब्रूनो गुइमारेज का पहले हाफ में पेनल्टी किक पर गोल करने से चूकना महंगा पड़ा। नॉर्वे के गोलरक्षक ओरन नेलैंड ने गुइमारेज की इस पेनल्टी किक सहित विनिशियस जूनियर और बदलू खिलाड़ी के रूप में दूसरे हाफ में गोल करने के के ब्राजील के करीब आधा दर्जन हमलों को रोका न होता तो मैच की तस्वीर कुछ और हो सकती थी। अर्लिंग हालैंड नॉर्वे के लिए दो गोल कर भले ही मैन ऑफ मैच घोषित किए लेकिन इसके सही हकदार ब्राजील के मिडफील्डर ब्रूनो गुइमारेज द्वारा ली पेनल्टी किक सहित उसके विनिशियस जूनियर और नेमार जूनियर के गोल करने के आधा दर्जन हमलों को रोकने उसके गोलरक्षक ओरन नेलैंड थे।
अर्लिंग हालैंड ने सोमवार को दो गोल कर मौजूदा विश्व कप में फ्रांस के कइलियान बापे और अर्जेंटीना के लियाोनल मेसी के अब तक सात सात गोल करने की बराबरी कर ली और इसके साथ ही वह भी गोल्डन बूट अवॉर्ड की होड़ में शामिल हो गए हैं। नॉर्वे की विश्व कप फुटबॉल की अब तक की सबसे शानदार जीत के नायक अर्लिंग हालैंड ने अपने देशके लिए अब तक पिछले 14 सभी मैचों में गोल किए हैं और इन मैचों में वह अब तक कुल 27 गोल कर चुके हैं। नॉर्वे की जीत के बाद उसके कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड ने परंपरागत रूप से ढोल बचाने की जिम्मेदारी अर्लिंग हालैंड को सौंपी तो नॉर्वे, नॉर्वे की गूंज से स्टेडियम गूंज उठा। मैच के आखिरी करीब दस मिनट में नेमार जूनियर ने बराबर नॉर्वे के गोल पर हमले बोल कर ब्राजील को बराबरी दिलाने की कोशिश की लेकिन उसके गोलरक्षक ओरन नेलैंड ने बराबर मुस्तैदी दिखाई उनके ज्यादातर हमलों को नाकाम कर दिया। ब्राजील नेमार जूनिर ने आखिरी क्षण में खुद ही हासिल पेनल्टी किक पर गोलरक्षक ओरन नेलैंड को छका जरूर गोल कर स्कोर 1-2 किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
नॉर्वे के पैट्रिक बर्ग को 15 वें मिनट में गोल करने का बढ़िया मौका मिला लेकिन वह बहुत करीब से गेंद को गोल में डालने से चूक गए। नॉर्वे के क्रिस्टोफर अजर ने मैथ्यूज कुन्हा को गलत ढंग से रोकने पर ब्राजील को पेनल्टी किक मिली और विनिशियस जूनियर पहले इस पेनल्टी किक को लेने के लिए जाने वाले थे लेकिन उन्होंने गेंद ब्रूनो गुइमारेज की ओर बढ़ा दी। ब्रूनो गुइमारेज ने पेनल्टी किक पर तेज किक लगाई जिसे नॉर्वे के 35 वर्षीय अपनी जवानी में हैंडबाल खिलाड़ी रहे गोलरक्षक ओरन नेलैंड ने अपने बाएं गोता लगा रोक कर ब्राजील को गोल करने से रोक लिया। ओरन नेलैंड ने इसके बाद पहले स्ट्राइकर गैब्रियल मार्टिनेली और विनिशियस जूनियर के शॉट को अपने पैरों से रोक कर ब्राजील को गोल करने से रोका। मैथ्यूज कुन्हा की जगह 58 वें मिनट में उतारे गए 19 बरस के बदलू खिलाड़ी एंड्रिक ने मैदान पर उतरते ही बेहतरीन पास विनिशियस जूनियर को दिया लेकिन उन्होंने पैर पर गेंद को लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद नॉर्वे के गोल के करीब से बाहर निकल गई। नॉर्वे के गोलरक्षक ओरन नेलैंड ने इससे पहले रेयन और गुइमारेज के शॉट को अच्छा पूर्वानुमान लगाकर ब्राजील को गोल करने से रोका। ब्राजील ने मैच के 67 वें मिनट में पहले मार्टिनेली की जगह नेमार जूनियर और रेयन की जगह डैनियलो सांतोज को उतारा दिया।
आंद्रियाज शेल्ड्रप ने बाएं से गेंद को संभाला मैच के 79वें मिनट में तेज फर्राटा लगा क्रॉस बॉक्स में खड़े लंबे कद के स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड के लिए फेंका और इस पर उन्होंने उछल कर ब्राजील के गोलरक्षक एलिसन को छका सिर से गेंद को गोल में डाल कर नॉर्वे का खाता खोला। ब्राजील ने समय तेजी से निकलता देख कर पूरी ताकत हमलों पर झोंक दी। ब्राजील के बदलू स्ट्राइकर नेमार जूनियर ने पहले कॉर्नर पर और दो बार नॉर्वे के बॉक्स भीतर पहुंच कर तेज शॉट लगाए लेकिन नॉर्वे केगोलरक्षक ओरन नेलैंड ने बराबर उनके सामने दीवार की तरह आकर खड़े होकर उनके सभी हमलों को नकाम कर दिया। बराबरी पाने के फेर में सभी ब्राजील खिलाड़ी नॉर्वे के गोल के सामने आ गए थे और ऐसे में ही मैच के आखिरी मिनट में अर्लिंग हॉलैंड ने बॉक्स के भीतर पहुंच तेज शॉट जमा ब्राजील के डिफेंडर डैनिलो और गोलरक्षक एलिसन के पैरों के बीच से गेंद को गोल में डाल मैच का अपना दूसरा गोल कर नॉर्वे की जीत और अंतिम आठ में स्थान पक्का कर दिया। ब्राजील के नेमार जूनियर ने इंजुरी टाइम में मिली पेनल्टी किक को गोल में बदल स्कोर 1-2 जरूर किया लेकिन और गोल मैच को अतिरिक्त समय में नहीं खींच सके।
हमें भरोसा था कि हम ब्राजील को हरा सकते हैं: नेलैंड
गोलरक्षक नेलैंड ने अपनी नॉर्वे टीम की ब्राजील पर अंतिम 16 मैच में जीत पर कहा,‘ यह जीत वाकई बहुत शानदार और बेहतरीन अहसास है।बेशक हमारा लक्ष्य मैच में ज्यादा से ज्यादा बने रहने का था। हमें मालूम था कि हमारी नॉर्वे की टीम को कमजोर माना जा रहा था। बावजूद इसके हमें भरोसा था कि हम ब्राजील को हरा सकते हैं। अब हमने फिर ब्राजील को हरा दिया। हम कभी ब्राजील से विश्व कप में हारे नहीं है। ब्राजील पर यह जीत अविश्वसनीय है। हम सभी को मालूम था कि ब्राजील की टीम कितनी बढ़िया है और विश्व कप उनकी क्या अहमियत है। ब्राजील पर इस जीत का बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।’





