पंजाब किंग्स को प्ले ऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए लखनउ से हर हाल मैच जीतना होगा

Punjab Kings will have to win the match against Lucknow at any cost to keep their playoff hopes alive

लखनउ से रिटर्न मैच में हारी तो बाहर हो जाएगी पंजाब किंग्स

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स के लिए लगातार छह हार के बाद आईपीएल 2026 के प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीद जिंदा रखने के लिए अब लखनउ सुपर जायंटस से शनिवार को लखनउ में अपना 14 वां और आखिरी रिटर्न लीग मैच हर हाल में जीतना होगा। पंजाब किंग्स शुरू के सात मैचों में छह जीत और केकेआर के खिलाफ अपना मैच बारिश के चलते बेनतीजा अधूरा खत्म होने के बाद पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले में जरूरत से ज्यादा तेज रन बनाने के फेर में आनन फानन में विकेट गंवा और बेदम गेंदबाजी के चलते अगले लगातार छह हार कर राह भटक गई है। पंजाब किंग्स 13 मैचों से 13 अंकों के साथ पांचवें और लखनउ इतने ही मैचों में मात्र चार जीत और नौ हार के साथ आठ अंक लेकर दसवें और आखिरी स्थान पर है और प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी है। आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के रूप में तीन टीमें सबसे पहले प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई कर चुकी हैं। अब प्ले ऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम के लिए राजस्थान रॉयल्स(13 मैच, 14 अंक), पंजाब किंग्स(13 मैच, 13 अंक) और केकेआर (13 मैच, 13 अंक) के रूप में तीन टीमें होड़ में हैं और तीनों का मात्र एक आखिरी लीग मैच बाकी है।

पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार के मैच में लखनउ सुपर जायंटस के पास गंवाने को कुछ नहीं है। प्रियांश आर्य की 93 रन की तूफानी पारी से पंजाब किंग्स ने न्यू चंडीगढ़ में मौजूदा सीजन में पहले मैच में लखनउ सुपर जायंटस को 47 रन से हराया था। लखनउ सुपर जायंटस अब रिटर्न मैच में यदि पंजाब किंग्स हारी तो वह प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो जाएगी। आरसीबी के 222 रन के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए शशांक सिंह के अर्द्धशतक के बावूजद पंजाब किंग्स धर्मशाला में 8 विकेट पर 199 रन बनाकर पिछला मैच 23 रन से हार गई थी। वहीं मिचेल मार्श (96 रन) और जोश इंग्लिश (60) की ऑस्ट्रेलियाई सलामी जोड़ी की तूफानी शतकीय भागीदारी की बदौलत लखनउ सुपर जायंटस 5 विकेट पर 220 रन बनाने के बावजूद अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स से सात विकेट से हार गई थी।

पंजाब किंग्स के लिए शुरू के 13 मैचों में कपूर कॉनेली ( 473 रन )एक शतक और दो अर्द्धशतक की बदौ़लत रन बनाने में सबसे आगे हैं जबकि प्रभसिमरन सिंह ( 441 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर( 397 रन) ने पांच- पांच अर्द्धशतक, प्रियांश आर्य (12 मैच, 364 रन) ने तीन अर्द्धशतक तथा मरकस स्टोइनस (12 मैच, 216 रन), सूर्यांश शेडगे(6 मैच, 149 रन) व शशांक सिंह ( 11 मैच, 132 रन) ने एक एक अर्द्धशतक जमाया है। नेहाल वढेरा (8 मैच,65 रल) का रनों के लिए तरसता पंजाब किंग्स के अखर रहा है। लखनउ सुपर जायटंस के लिए शुरू के 13 मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले प्रिंस यादव (16 विकेट) ने भारत की अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन डे मैचों की सीरीज में स्थान बना कर दिखाया है कि भले ही उनकी टीम इस आईपीएल सीजन में जूझ रही है लेकिन आने वाला कल उनका है। लखनउ के लिए फिट होने पर तेज गेंदबाज मोहसिन खान (6मैच, 11 विकेट), मोहम्मद शमी (12 मैच, 10 विकेट),आवेश खान (7 मैच, 6 विकेट), बाएं हाथ के फिंगर स्पिनर एम सिद्धार्थ (4 मैच 6 विकेट), शाहबाज अहमद (5 मैच, 5 विकेट), लेग स्पिनर दिग्वेश राठी (9 मैच, 5 विकेट) के गेंदबाजी इकाई के रूप में जूझने से कई ऐसे मौके भी आए जब टीम 200 अथवा इससे बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद अपने मैच हार गई।

लखनउ सुपर जायंटस के लिए शुरू के 13 मैचों में सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (563 रन) एक शतक और तीन अर्द्धशतक सहित रन बनाने मे सबसे आगे हैं जबकि जोश इंग्लिश (4 मैच, 194रन) ने दो अर्द्धशतक जड़े हैं। कप्तान ऋषभ पंत (287रन), निकोलस पूरन(232 रन), मुकुल चौधरी (9 मैच, 164 रन) ने एक एक अर्द्धशतक जड़ा हैं जबकि एडन मरक्रम (12 मैच, 232 रन) का अर्द्धशतक तक न जड़ पाना और हिम्मत सिंह (6 मैच, 92 रन), अब्दुल समद(7 मैच, 89 रन) के रनों के लिए जूझते के चलते लखनउ सुपर जायंटस तालिका में अपने अभियान का समापन भी दसवें और आखिर पायदान पर करना तय ही समझे। पंजाब किंग्स के लिए शुरू के 13 मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के लिए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (14 विकेट) का खासा महंगा होना और पॉवरप्ले में विकेट चटकाने के लिए जूझना पिछले लगातार मैचों में हार का बड़ा कारण है। पंजाब के लिए विजय कुमार वेशाख ( 9 मैच, 9 विकेट), मार्को येनसन(12 मैच, 7 विकेट ), जेवियर बार्टलेट ( 9 मैच, 5 विकेट), शशांक सिंह (11 मैच, 3 विकेट) के गेंदबाज इकाई के रूप में जूझने के चलते ही पंजाब किंग्स शीर्ष से खिसक कर अचानक अधर में आ लटकी है। अनुभवी लेग युजवेंद्र चहल (10 विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बराड़ (2 मैच, 2 विकेट) का विकेट के लिए जूझना पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को बुरी तरह अखरा है।

मेरी सोच हमेशा सकारात्मक रहती है : श्रेयस अय्यर
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा,‘आरसीबी ने तूफानी आगाज किया और पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाना शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन था। मेरा मानना है कि हम पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले में ही मैच हार गए। पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले में हमने जो तीन विकेट गंवाए और वे हमारे रन बनाने वाले प्रमुख बल्लेबाज थे। बावजूद इसके शशांक सिंह और स्टोइनस के साथ कई अन्य ने बढ़िया पारियां खेली। हम एक समय प्रति ओवर दस रन प्रति ओवर बनाने की ओर थे लेकिन आरसीबी के लिए भुवनेश्वर और हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी की। नतीजे चाहे जो रहे मेरी सोच हमेशा सकारात्मक रहती है। मैं अतीत को लेकर बहुत नहीं सोचता। जो बीत गया वह अतीत है। मैं हमेशा अंधेरे के बीच से दूर बेहद महीन उजाले की लकीर की तलाश और आस में रहता हूं।‘

जोफ्रा सहित राजस्थान के गेंदबाजों ने गजब की गेंदबाजी की : ऋषभ पंत
लखनउ सुपर जायंटस के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा,‘ राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों और खासतौर पर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने आखिरी ओवर में गजब की गेंदबाजी की। हम मैच में आखिरी ओवर में पांच या दस रन और नहीं बना सके। आप हमेशा अपने गेंदबाजों पर भरोसा पर करते हैं लेकिन हमारे गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति थी। इस तरह की पिच पर बहुत सुझाव काम नहीं करते। आप अनुभव की कमी को हमेशा महसूस करते हैं क्योंकि इसे हासिल करने में बरसों लगते हैं। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद से पहले गेंदबाजी इसलिए नही कराई क्योंकि तब राजस्थान रॉयल्स के बाएं हाथ के दो बल्लेबाज क्रीज पर थे। मुझे अपनी टीम पर फख्र है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है बेशक हमारी टीम एक बढ़िया टीम है।’
शनिवार का मैच : पंजाब किंग्स वि लखनउ सुपर जायंटस (शाम साढ़े सात बजे से )।