राजस्थान रॉयल्स की कोशिश लखनउ को रिटर्न मैच में हरा हिसाब चुका प्ले ऑफ की ओर कदम बढ़ाने की

Rajasthan Royals try to settle scores with Lucknow in the return match and move towards the playoffs

  • लखनउ राजस्थान को हरा बिगाड़ सकती है उसका गणित
  • राजस्थान को तेज गेंदबाज प्रिंस, शमी व मोहसिन की त्रिमूर्ति से चौकस रहना होगा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स कप्तान रेयन पराग के दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दोनों मैचों में अर्द्धशतक के बावजूद व गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच सहित अपने पिछले लगातार तीनों मैच हार आईपीएल 2026 में राह भटक 12 मैचों में छह जीत और छह हार के साथ छठे स्थान पर खिसक गई है। राजस्थान रॉयल्स को प्ले ऑफ पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पहले मंगलवार को फिसड्डी लेकिन अपना अपना पिछला मैच जीतने वाली लखनउ सुपर जायंटस और मुंबई इंडियंस से रविवार को अंतिम लीग मैच जीतना होगा। राजस्थान रॉयल्स की कोशिश रिटर्न मैच में लखनउ सुपर जायंटस से लखनउ में इस सीजन के पहले मैच में मिली 40 रन से हार का हिसाब चुकता कर प्ले ऑफ की ओर कदम बढ़ाने की होगी। लखनउ सुपर जायंटस के 12 मैचों मे आठ हार और चार जीत से महज आठ अंक हैं और आखिरी पायदान पर है। प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी लखनउ सुपर जायंटस मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स को उसके घर में भी हरा उसका गणित बिगाड़ सकती है। राजस्थान रॉयल्स पहले जयपुर में और फिर दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 200 के पार और उसके करीब पहुंचने के बावजूद अपने कप्तान रेयन पराग की रणनीतिक भूल के कारण हारी। राजस्थान रॉयल्स ने लगातार चार जीत से आगाज किया और इसके बाद अगले आठ मैचों में मात्र दो ही जीत पाई और छह हार गई और इसी के चलते पर उस पर प्ले ऑफ की होड से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी मौजूदा सीजन में तेज आगाज दिलाने में कामयाब रही लेकिन यह जोड़ी लड़खड़ाई तो फिर उसका शीर्ष व मध्यक्रम तो लड़खड़ाया ही उसकी गेंदबाजी भी दिशा से भटकती रही है। राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों आखिरी ओवर में पांच विकेट से हार का बड़ा कारण अच्छे आगाज के बाद पारी को बढ़िया ढंग से समाप्त न करने के साथ कैच टपकना रहा। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रेयन पराग का इस पर अपनी टीम से खफा होना भी वाजिब है। राजस्थान रॉयल्स अपने घर में अपने पिछले दो लगातार दो मैच हार चुकी है। राजस्थान रॉयल्स बेशक यह आस करेगी इस मैदान इस बार किस्मत उसका साथ देगी। वहीं प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी दसवें और आखिरी स्थान पर चल लखनउ सुपर जायंटस के पास खोने को कुछ नहीं है वह इसमें खुल कर खेल जीत के लिए अपना सब कुछ झोंक देगी और ऐसे में राजस्थान रॉयल्स उसके खिलाफ अपने घर में जरा सी भी ढील गवारा नहीं कर सकती है।

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू के 12 मैचों में बल्लेबाजी की नई सनसनी 15 बरस के एक शतक और दो अर्द्धशतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी(486 रन) व उनके सलामी जोड़ीदार तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल (327 रन), चार अर्द्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (367 रन), दो दो अर्द्धशतक जड़ने वाले कप्तान रेयन पराग (11 मैच, 258 रन) व डोनोवान फरेरा (11 मैच, 233 रन ) और रवींद्र जडेजा (11 मैच, 45 रन) पर निर्भर है। राजस्थान रॉयल्स को कमोबेश लगभग हर मैच में वैभव और यशस्वी की सलामी जोड़ी ने आतिशी शुरूआत दिलाई। राजस्थान रॉयल्स की कमजोरी तेज आगाज के बाद पारी का तूफानी अंदाज में समापन न कर पाना रहा है। शेमरान हेटमायर (8 मैच, 78 रन) का मध्यक्रम में रनों के लिए जूझना राजस्थान रॉयल्स के मैचों को बढ़िया ढंग से समाप्त न कर पाने का बड़ा कारण रहा है। राजस्थान रॉयल्स के वैभव व यशस्वी की सलामी जोड़ी और जुरैल और कप्तान रेयन पराग को लखनउ सुपर जायंटस के लिए शुरू के12 मैचों में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (16 विकेट), मोहसिन खान (5मैच, 10 विकेट), मोहम्मद शमी (10 विकेट) और आकाश सिंह (1 मैच, 3 विकेट) जैसे दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजों की चौकड़ी से चौकस रहना होगा। लखनउ सुपर जायंटस के सिद्धार्थ (4 मैच, 6विकेट), लेग स्पिनर दिग्वेश राठी (8 मैच, 5 विकेट),बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद(4 मैच, 5 विकेट) की स्पिन त्रिमूर्ति और तेज गेंदबाज आवेश खान (7 मैच, 6 विकेट)का टुकड़ों टुकड़ों में विकेट चटकाना जरूर लखनउ सुपर जायंटस को मौजूदा सीजन में अखरा है।

लखनउ सुपर जायंटस के लिए शुरू के 12 मैचों में सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (467 रन) देर से रंग में आने के बाद एक शतक और दो अर्द्धशतक , कप्तान ऋषभ पंत (251 रन), निकोलस पूरन ((216 रन), आयुष बडोनी (8 मैच,172 रन), मुकुल चौधरी (9 मैच,169 रन), जोश इंग्लिश (3 मैच,134 रन) ने एक एक अर्द्धशतक जड़ा जबकि एडन मरक्रम (231 रन)को अभी भी इस सीजन के पहले अर्द्धशतक का इंतजार है। हिम्मत सिंह (6 मैच, 92 रन), अब्दुल समद (6 मैच, 79 रन), शाहबाज अहमद (4 मैच, 588 रन),अक्षत रघुवंशी (3 मैच, 29 रन) की बल्ले से नाकामी लखनउ सुपर जायंटस की इस सीजन में नाकामी का एक बड़ा कारण है। मार्श,कप्तान ऋषभ पंत, पूरन, इंग्लिश और मरक्रम को मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स के शुरू के 12 मैचों में उसके तुरुप के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (17 विकेट), ब्रजेश शर्मा (9 मैच, 11 विकेट) व नेंड्रे बर्गर (10मैच, 9 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति के साथ बड़े दिल वाले लेग स्पिनर रवि बिश्नोई(9 मैच,11 विकेट) व बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा (11 मैच, 8 विकेट)से चौकस रहना होगा। राजस्थान रॉयल्स के पास तुषार देशपांडे(6 मैच, 4 विकेट),स्विंग के उस्ताद संदीप शर्मा (5मैच, 5 विकेट) व षणाका (3 मैच,1 विकेट) के रूप में अच्छे विकल्प हैं लेकिन यह दिलचस्प होगा कि वह इन तीनों में से क्या किसी एक को लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ उतरेगी?

यदि क्वॉलिफाई नहीं कर पाए तो यह सिर्फ हमारी गलती होगी : पराग
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रेयन पराग ने कहा,‘ हमारी फील्डिंग बेहद ढीली और मैं अपनी टीम की दिल्ली कैपिटल्स के हाथों दिल्ली में हार से बेहद निराशा हूं। मेरा मानना है कि आप यदि ट्रॉफी जीतना चाहते हैं तो अगर आप इसकी होड़ में बने रहना चाहते हैं तो आपको दिल्ली के खिलाफ रविवार के प्रदर्शन से बेहतर प्रदर्शन की दरकार थी। हमारे पिछले चार पांच मैचों में जैसा प्रदर्शन किया है हमारी टीम उससे बेशक कहीं बेहतर टीम है। ब्रेक के बाद वापसी पर हमारी टीम ने उर्जा, कौशल व योजना को अमली जामा पहनने के लिहाज से उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। हम यदि इसी तरह खेलते रहे तो फिर हमें शीर्ष चार की होड़ में नहीं होना चाहिए। मैं इस बात से इत्तफाक नहीं रखता था कि ऑफ स्पिनर डॉनोवॉन फरेरा से 18वां ओवर कराना जुआ था क्योंकि तब क्रीज पर दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल सहित दो बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। हम बल्लेबाजी करते हुए 14 वें ओवर तक बढ़िया स्थिति में थे। मेरे आउट होने के बावजूद हमें 210 रन तक बनाने चाहिए थ। हमारी गेंदबाजी भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। हमारे पास मौका था लेकिन हम इसे भुनाने में नाकाम रही। हम यदि प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई नहीं कर पाए तो यह किसी ओर की नहीं सिर्फ हमारी गलती होगी ।’

जरूरत से ज्यादा सोचना महंगा पड़ा : ऋषभ पंत
लखनउ सुपर जायंटस के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा,‘ चेन्नै सुपर किंग्स पर जीत एक अच्छा अहसास है। बेशक हमारी टीम प्ले ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी है। बावजूद इसके अपनी टीम की चेन्नै पर जीत बहुत फख्र की बात है। अपने इस सीजन के पहले ही मैच तीन विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज आकाश सिंह बहुत मेहनत कर रहे थे। कई बार हर गेंदबाज का मौका देना मुश्किल हो जाता है। आकाश ऐसे गेंदबाज हैं, जो कि अपनी योजना पर काबिज रहते हैं और यह कारगर रहा। साथ ही सलामी जोड़ी की अच्छी भागीदारी को देख खुशी हुई। हमारे लिए चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना कारगर रहा। मैं कहूंगा कि हमारी टीम शानदार है। हमें जरूरत से ज्यादा सोचना महंगा पड़ा। मैं भी बल्लेबाजी करने के लिए तैयार था। फिर जेहन में आया कि उन खिलाड़ियों को क्यों न आजमाया जाए ,जिन्हें इस सीजन में बहुत ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला।’
मंगलवार का मैच :राजस्थान रॉयल्स वि लखनउ सुपर जायंटस( शाम साढ़े सात बजे से, जयपुर)।