किंगकोहली औरनए युवराजशुभमन के बीच रोचक संघर्ष की उम्मीद- सिराज अब गुजरात टाइटंस की तुरुप के इक्के साबित हो सकते हैं
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : अनुकरणीय खेल दिखा रहे रजत पाटीदार की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) और शुभमन गिल की कप्तानी में उतरने वाली गुजरात टाइटंस अपने अपने पिछले मैच में मिली हार को भुला कर आईपीएल 2026 में शुक्रवार को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में फिर जीत की राह पर वापस लौटने के लिए आमने-सामने होंगी। आरसीबी फिलहाल छह मैचों में चार जीत और दो हार के साथ आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। वही गुजरात टाइटंस छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छठे स्थान पर है। भारत के सर्वकालीन महान बल्लेबाजों मे से एक आरसीबी के किंग विराट कोहली और नए युवराज गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में बेहद रोचक संघर्ष की उम्मीद है। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच में से तीन मैच आरसीबी ने और दो गुजरात टाइटंस ने जीते हैं। आरसीबी की रीढ़ शुरू के छह मैचों दो अर्द्धशतक जड़ चुके विराट कोहली (247 रन)और पांच मैचों में तीन अर्द्धशतक जड़ चुके शुभमन गिल(265 रन) की कोशिश बल्ले के दमदार प्रदर्शन कर गुजरात टाइटंस को फिर से जीत की राह पर लौटाने की होगी। आरसीबी के स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार में शुभमन गिल और जोस बटलर पर जरूरत से ज्यादा निर्भर गुजरात टाइटंस के शीर्ष क्रम को बिखेर उस पर शुरू में ही दबाव बनाने का दम है।
लंबे समय तक आरसीबी से खेल चुके वाले लेकिन अब गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे मोहम्मद सिराज बेंगलुरू अपनी टीम की तुरुप के इक्के साबित हो सकते हैं। 2024 में बेंगलुरू में मोहम्मद सिराज (2/29) ने गेंद से कमाल दिखा आरसीबी को गुजरात टाइटंस पर चार विकेट से जीत दिलाई थी। 2025 में गुजरात टाइटंस से जुड़ने पर सिराज (3/19) ने बेंगलुरू में गेंद से फिर कमाल दिखा कर आरसीबी के खिलाफ 8 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। आरसीबी अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद पर छह विकेट से जीत से आगाज करने के बाद राजस्थान रॉयल्स से गुवाहाटी में करीबी मैच में छह विकेट से हार गई। आरसीबी ने इसके बाद लगातार दो मैच जीते लेकिन अपने छठे मैच में अंतिम पूर्व गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स से छह विकेट से हार गई। दिलचस्प बात यह है कि आरसीबी ने शुरू के चार में से तीन मैच उसने 200 से ज्यादा रन बनाने अथवा इसका पीछा कर जीते। वहीं लगातार दो हार से आगाज करने के बाद लगातार तीन मैच जीतने वाली गुजरात टाइटंस अपने घर अहमदाबाद में इस सीजन के छठे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी मजबूत बल्लेबाजी के ताश के पत्तों की तरह मात्र 100 रन पर ढेर होने से जिस तरह मैच 99 रन से हारी उस पर टीम के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने अपनी टीम के बल्लेबाजों को खूब लताड़ लगाई थी। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने ठीक ही कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी टीम जीत की लय वापस पाएगी।
रन बनाने में शीर्ष पर चल रहे विराट कोहली के साथ दो दो अर्द्धशतक जड़ चुके कप्तान रजत पाटीदार(230 रन), फिल साल्ट (202 रन), देवदत्त पल्लीकल ( 153 रन), एक एक अर्द्धशतक जड़ने वाले टिम डेविड (173 रन) के साथ आरसीबी का शीर्ष और मध्यक्रम रंग में है। आरसीबी की चिंता मध्यक्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज जीतेश शर्मा का छह मैचों में 23 रन के स्कोर के साथ छह मैचों में मात्र 52 रन बना पाना है। गुजरात टाइटंस के लिए शुरू के छह मैचों में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्ण (12 विकेट) विकेट चटकाने में शीर्ष पर चल रहे हैं वही दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा(10 विकेट)मोहम्मद सिराज (छह विकेट) के साथ कप्तान अक्षर पटेल (छह विकेट) व लेग स्पिनर राशिद खान (छह विकेट) में एक गेंदबाजी इकाई के रूप में धारदार गेंदबाजी कर दिखाया है कि उसमें विराट कोहली , फिल साल्ट, रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे मजबूत बल्लेबाजों से सज्जित आरसीबी के शीर्ष और मध्य क्रम को ध्वस्त करने का दम है।
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी अपने कप्तान शुभमन गिल के साथ छह मैचों में दो अर्द्धशतक जड़ने वाले जोस बटलर (206 रन), एक एक अर्द्धशतक जड़ने वाले वाशिंगटन सुंदर(137 रन) और साई सुदर्शन (135 रन)पर निर्भर है। ग्लेन फिलिप्स( 67 रन) और राहुल तेवतिया ( 49 रन) का निचले क्रम में खासतौर पर आखिर के मारधाड़ वाले रनों के लिए जूझना गुजरात टाइटंस को अखर रहा है। आरसीबी के लिए शुरू के छह मैचों में स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार (10 विकेट) जबकि तीन तीन मैच खेलने वाले जैकब डफी (छह विकेट) रसिक सलाम शेख (5 विकेट) व फिट होने के वापसी करने वाले जोश हेजलवुड (3 विकेट) व अभिनंदन सिंह (तीन विकेट) ने जिस तरह शुरू के और आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों में प्रतिद्वंद्वी टीम पर लगाम लगाई है उसके चलते गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को शुरू से आखिर तक जोश के साथ होश भी दिखाने की जरूरत है। आरसीबी के लिए बाएं हाथ अनुभवी स्पिनर क्रुणाल पांडया (आठ विकेट) व लेग स्पिनर सुयश शर्मा (5 मैच 4 विकेट) ने चतुराई से गेंदबाजी कर दिखाया कि उन्हें बीच के ओवरों में बल्लेबाजों पर लगाम लगाना खूब आता है।
गलतियों का मंथन उन्हें सुधारेंगे : रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा,‘दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हमारा मैच बेहद करीबी रहा पर मेरा मानना है कि हमने 15-20 रन कम बनाए। हमने जिस तरह खासतौर पर विराट भाई और फिल साल्ट ने हमें शानदार शुरुआत दिलाई।
इसके बाद हम विकेट गंवा कर बैकफुट पर आ गए। चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर गेंद कुछ रुक कर आ रही थी लेकिन हमारे लिए सकारात्मक बात यह रही कि हारने के बावजूद मैच को आखिरी ओवर तक खिंचा। मैं गेंदबाज से बस यही बात कर रहा था कि आप जो भी करें, उसमें स्पष्टता होनी चाहिए। आईपीएल लंबा टूर्नामेंट है पर हम अपनी गलतियों का मंथन उन्हें सुधारेंगे।’
उम्मीद है कि हम जीत की लय वापस पाएंगे: गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा,‘ हमने बीच के ओवरों में मुंबई में बहुत रन बनाने दिए। अहमदाबाद जैसी पिच पर 160-170 रन का स्कोर एक अच्छा स्कोर था। हम थोड़ा लड़खड़ाए, अब हमें कुछ मैच बाहर खेलने हैं और इसलिए उम्मीद है कि हम जीत की लय वापस पाएंगे। मेरा मानना है कि अहमदाबाद में पिच कुछ धीमी थी। मुझे नहीं लगता कि हमारे गेंदबाजों ने सही जगह गेंदबाजी की। कुछ गेंद बल्ले पर बढ़िया ढंग से आ रही थीं, कुछ नहीं। हमारे गेंदबाजों ने बराबर सही लेंग्थ पर गेंदबाजी नहीं की। पिच पर ओस थी और हमारी बल्लेबाजी बेहतर हो सकती थी।‘
शुक्रवार का मैच : आरसीबी वि गुजरात टाइटंस (बेंगलुरू, शाम साढ़े सात बजे से)।





