- भुवनेश्वर व हेजलवुड लेंगे एसआरएच के अभिषेक, हेड व इशान का इम्तिहान
- आरसीबी के विराट और एसआरएच के कमिंस के बीच दिलचस्प संघर्ष की आस
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : अनुभवी धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली के बल्ले और मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा 24 विकेट चटकाने वाले स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार के गेंद से कमाल की बदौलत सबसे पहले 2026 आईपीएल के प्ले ऑफ में स्थान बनाने वाली मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को रिटर्न 14 वें व अंतिम लीग मैच में हैदराबाद में शुक्रवार को हरा शीर्ष पर बरकरार रहने के मकसद से उतरेगी। आरसीबी 13 मैचों में नौ जीत और चार हार के साथ 18 अंकों और 1.065 की नेट रन रेट के साथ शीर्ष है जबकि एसआरएच इतने ही मैचों में आठ जीत और पांच हार के साथ 16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। एसआरएच के अभिषेक शर्मा और ट्रेविज हेड की सलामी जोड़ी का आरसीबी के स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले में इम्तिहान लेंगे। आरसीबी की बल्लेबाजी की रीढ़ विराट कोहली, देवदत्त पड्डीकल और रजत पाटीदार का एसआरएच के कप्तान दुनिया के सबसे काबिल तेज गेंदबाज पैट कमिंस के बीच शुरू के छह ओवर में खासा रोचक संघर्ष मैच के नतीजे में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
विराट कोहली और देवदत्त पड्डीकल के अर्द्धशतकों से आरसीबी ने एसआरएच को उसके 201 रन के बड़े स्कोर को पार इस सीजन में पहले मैच में अपने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में छह विकेट से हराया था, लेकिन तब एसआरएच को अपने नियमित कप्तान तेज गेंदबाज पैट कमिंस उपलब्ध नहीं थे। आरसीबी ने एसआरएच से अपने पिछले पांच में तीन मैच जीते हैं और उसकी कोशिश अपना दबदबा बनाए रखने की रहेगी। आरसीबी ने पिछले मैच में पंजाब किंग्स को उसके दूसरे घरेलू मैदान धर्मशाला में हरा मौजूदा सीजन की लगातार तीसरी और कुल नौवीं जीत दर्ज की। इशान किशन के बेहतरीन अर्द्धशतक और कप्तान पैट कमिंस के धारदार गेंदबाजी कर चटकाए तीन विकेट की बदौलत एसआरएच ने पिछले मैच में चेन्नै सुपर किंग्स को चेन्नै में पांच विकेट से शिकस्त दे अपना और गुजरात टाइटंस का प्ले ऑफ में स्थान पक्का कर दिया था। बड़ा सवाल यह रहेगा कि चोट के चलते पिछले मैच से बाहर रहने वाले कप्तान रजत पाटीदार और चोट के चलते स्वदेश वापस लौट जाने वाले फिल साल्ट (6 मैच, 2 अर्द्धशतक, 202 रन) आरसीबी को शुक्रवार को एसआरएच के खिलाफ आखिरी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। साल्ट की गैरमौजूदगी में विराट के साथ आरसीबी की पारी का आगाज कर रहे इंग्लैंड के जैकब बैथल (7 मैच, 96 रन) रनों के लिए बराबर जूझते दिख रहे हैं।
अभिषेक शर्मा व ट्रेविज हेड की सलामी जोड़ी, उपकप्तान इशान किशन, नीतिश रेड्डी व फिनिशर हेनरिक क्लासेन के रूप में मजबूत बल्लेबाजी क्रम एसआरएच की बड़ी ताकत है। मौजूदा संस्करण में पहले मैच में न्यूजीलैंड के जैकब डफी ने अभिषेक, हेड और नीतिश रेड्डी को सस्ते में आउट कर पैवेलियन लौटाया था। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आरसीबी अपने सबसे कामयाब स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर , चतुर हेजलवुड के साथ इस मैच में फिर जैकब डफी को अपनी एकादश में जगह देगी। एसआरएच के लिए शुरू के 13 मैचों में 5 अर्द्ध शतक सहित सबसे ज्यादा रन बनाने वाले हेनरिक क्लासेन (555 रन), एक शतक और तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा (507 रन), दो अर्द्धशतक जड़ने वाले उनके सलामी जोड़ीदार ट्रेविज हेड ( 367रन ), पांच अर्द्धशतक जड़ने वाले इशान किशन (490 रन) व एक अर्द्धशतक जड़ने वाले नीतिश रेड्डी(12 मैच, 235 रन) के रूप में उसका शीर्ष और मध्यक्रम रंग में लग रहा है। आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार में अपनी स्विंग के बूते अकेले अपने बूते अभिषेक, हेड और इशान किशन को सस्ते में आउट कर पैवेलियन लौटा दिया तो फिर एसआरएच के बड़ा स्कोर खड़ा करना या फिर इसका पीछा करना बड़ी समस्या बन जाएगा।
आरसीबी के लिए शुरू के 13 मैचों में स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार(24 विकेट), जोश हेजलवुड (10 मैच, 12 विकेट),रसिख सलाम (9 मैच, 12 विकेट), रोमारियो शेफर्ड (12 मैच, 7 विकेट), जैकब डफी (4 मैच, 6 विकेट) व बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया (10 विकेट), लेग स्पिनर सुयश शर्मा (11 मैच, 8 विकेट) खासे सफल रहे हैं। बावजूद इसके एसआरएच को सस्ते में समेटने की जिम्मेदारी आरसीबी के बतौर गेंदबाज तु़रुप के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर ही रहने वाली है।
आरसीबी के लिए शुरू के 13 मैचों में विराट कोहली (542 रन) एक शतक और चार अर्द्धशतक सहित रन बनाने में सबसे आगे हैं जबकि देवदत्त पड्डीकल ( 412 रन ) और कप्तान रजत पाटीदार (12 मैच,337 रन) ने तीन तीन अर्द्धशतक तथा टिम डेविड (262 रन), क्रुणाल पाडया (141 रन), वेंकटेश अय्यर 4 मैच, 114 रन) ने एक-एक अर्द्धशतक जड़ा है। एसआरएच के लिए शुरू के 13 मैचों श्रीलंकाई तेज गेंदबाज इशान मलिंगा ( 17 विकेट ), पैट कमिंस (6 मैच, 8 विकेट) साकिब हसन (9 मैच14 विकेट), प्रफुल्ल हिंगे (6 मैच,11 विकेट) व नीतिश रेड्डी (12 मैच, 7 विकेट) व बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग कुमार (11 मैच, 8 विकेट) खासे कामयाब रहे है। बावजूद इसके आरसीबी के विराट और देवदत्त पड्डीकल को खासतौर पर देर से टीम से जुड़ने के बावजूद सही वक्त पर रंग में आने वाले एसआरएच के कप्तान तेज गेंदबाज से सबसे ज्यादा चौकस रहने की दरकार होगी।
मैं और हेजलवुड एक दूसरे के पूरक हैं :भुवनेश्वर कुमार
आरसीबी के तुरुप के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा,‘ मैं यॉर्कर फेंकने का महज मैच से पहले ही नहीं बल्कि पूरे बरस अभ्यास करता हूं। जब आप विश्वस्तरीय प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गेंदबाजी कर सही ढंग से यॉर्कर फेंकते हैं तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। जोश हेजलवुड के साथ गेंदबाजी करने का बहुत फर्क पड़ता है क्योंकि वह खासे अनुभवी और कुशल गेंदबाज हैं। मेरा मानना है कि बतौर गेंदबाज मैं और हेजलवुड एक दूसरे के पूरक हैं। हम दोनों की बतौर गेंदबाज जुगलबंदी खासी बढ़िया है। नौजवान साथी तेज गेंदबाज रसिख सलाम को भी श्रेय देना चाहूंगा कि क्योंकि वह भी बढ़िया गेंदबाजी कर रहे हैं। प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई करना बहुत बढ़िया है क्योंकि हमारा पहला लक्ष्य यही था। यदि हमारी टीम शीर्ष दो में रहती है तो और बढ़िया होगा। हम पिछले दो महीने से बहुत मेहनत कर रहे थे और इसीलिए प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई करना हमारे लिए बहुत अहम था।‘
असल चुनौती अब शुरू होगी: कमिंस
एसआरएच के कप्तान तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने कहा, ‘चेन्नै में सीएसके को हरा प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई करना खासा संतोषजनक रहा। चेन्नै की पिच बल्लेबाजी के लिए खास मुश्किल थी। इशान और क्लासेन ने एसआरएच के लिए मुश्किल हालात में बढ़िया भागीदारी की। इन दोनों अपने अपने मैच चुन कर कई गजब के शॉट खेले। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तो ऐसा महसूस हो रहा था कि पिच पर गेंद कुछ नीची रह रही है। मैं महूसस किया जीत के लिए हमें एक दो भागीदारियों की जरूरत होगी। हम खुद को जीत के लिए इससे बेहतर मौका नहीं दे सकते थे। हम अब प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई कर चुके हैं और असल चुनौती अब शुरू होगी। बेशक हमें अपने खेल में कुछ सुधार की जरूरत है लेकिन कुल मिलाकर अपनी टीम के खेल से खुश हूं।‘
शुक्रवार का मैच : आरसीबी वि एसआरएच (हैदराबाद, शाम साढ़े सात बजे से)





