विलक्षण वैभव सूर्यवंशी के बूते राजस्थान ने लगाई इलिमिनेटर में हैदराबाद से पार पाने की आस

Riding on the exceptional Vaibhav Suryavanshi, Rajasthan hopes to overcome Hyderabad in the Eliminator

  • रहेगी वैभव-यशस्वी और अभिषेक-हेड की सलामी जोड़ियों पर निगाहें
  • राजस्थान के सामने हैदराबाद के खिलाफ लगातार पांच हार का क्रम तोड़ने की चुनौती

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : 15 बरस के ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल 2026 धमाल में राजस्थान रॉयल्स के लिए बल्ले धमाल की गूंज भारत की सरहदें पार कर अब दुनिया भर में सुनाई दे रही है। वैभव की बेखौफ नैसर्गिक बल्लेबाजी का लोहा अब दुनिया का हर दिग्गज क्रिकेटर मान रहा है। विलक्षण वैभव सूर्यवंशी के बूते राजस्थान रॉयल्स लीग की समाप्ति पर तीसरे स्थान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद को न्यू चंडीगढ़ में बुधवार को आईपीएल 2026 इलिमिनेटर में हरा कर क्वॉलिफायर 2 में स्थान बना फाइनल में होड़ में बने की आस लगाए है। वैभव सूर्यवंशी ने 2026 आईपीएल में भी बल्ले से धमाल जारी रखते हुए एक शतक और तीन अर्द्ध शतक जड़ कर राजस्थान रॉयल्स को मौजूदा संस्करण में लीग में चौथा स्थान दिलाने इलिमिनेटर में पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। सनराइजर्स हैदराबाद ने मौजूदा सीजन में जयपुर में वैभव के तूफानी शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स से दोनों मैचों सहित आईपीएल में उससे अपने पिछले सभी पांच मैच जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स के सामने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगातार पांच हार के क्रम को तोड़ने की चुनौती है। अपने अपने पिछले दोनों मैच जीतने वाली राजस्थान और हैदराबाद की टीमों को क्वॉलिफायर 2 में स्थान बनाने के लिए जीत की हैट्रिक लगानी जरूरी होगी। सनराइजर्स हैदराबाद सभी 14 लीग मैच खेल आरसीबी और गुजरात टाइटंस की तरह नौ नौ जीत और पांच पांच हार के साथ समान रूप से 18 अंक पाए लेकिन नेट रन रेट में इन दोनों से पिछड़ कर तीसरे स्थान पर रही।

बुधवार को इलिमिनेटर का नतीजा मौजूदा आईपीएल में लीग की समाप्ति पर दो सबसे कामयाब सलामी जोडियों-राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी (583 रन) व यशस्वी जायसवाल (397रन) व सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा (563रन) व ट्रेविज हेड (393 रन) द्वारा बुधवार को अपनी अपनी टीम को दिलाई जाने वाली शुरुआत पर निर्भर करेगा। राजस्थान रॉयल्स ने मौजूदा सीजन में शुरू जीत का ‘चौका’ लगातार आगाज किया लेकिन फिर संभल कर प्ले ऑफ में पहुंचने वाली टीम बनी। राजस्थान रॉयल्स की मौजूदा सीजन के अभियान में कामयाबी का सबब उसके लिए शतक जड़ने वाले इकलौते वैभव सूर्यवंशी और तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी के साथ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर पांच अर्द्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल (458 रन) हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए हालांकि कप्तान रियान पराग (272 रन) व डॉनोवॉन परेरा (267 रन) ने भी दो दो अर्द्धशतक जड़े हैं लेकिन बल्लेबाजी इकाई के रूप में प्रदर्शन न कर पाना उसकी बड़ी कमजोरी साबित हुआ है। खासतौर पर कप्तान रियान पराग का ई-सिगरेट विवाद में फंसने के बाद इसके लिए माफी मांगना और टुकड़ों-टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन करना राजस्थान रॉयल्स की लीग चरण की सबसे कमजोर कड़ी साबित हुआ है।

सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी का दारोमदार उसके शुरू के 14 मैचों के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज इशान मलिंगा (19 विकेट), साकिब हुसैन (10 मैच, 15 विकेट), प्रफुल्ल हिंगे (6 मैच,11 विकेट) , पैट कमिंस (7 मैच, 8 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी है और इन दोनों के साथ बाए हाथ के स्पिनर शिवांग शर्मा (12 मैच, 8 विकेट) व हर्ष दुबे (8मैच, 8 विकेट) पर रहेगा। राजस्थान रॉयल्स के वैभव व यशस्वी की सलामी जोड़ी को हैदराबाद के ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस व श्रीलंका के इशान मलिंगा से शुरू और आखिर के पॉवरप्ले में चौकस रहना होगा।

मौजूदा आईपीएल के दूसरे हिस्से में नियमित कप्तान तेज गेंदबाज पैट कमिंस के जु़ड़ने से गेंदबाजी में जरूरी संतुलन मिल गया है। एक शतक व चार अर्द्धशतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा और दो अर्द्धशतक जड़ने वाले ट्रेविज हेड की सलामी जोड़ी के साथ छह- छह अर्द्धशतक जड़ने वाले इशान किशन( 569 रन) और बेहतरीन फिनिशर हेनरिक क्लासेन (606 रन) में मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने में शामिल उसके तीन बल्लेबाज हैं। एक अर्द्धशतक जड़ने वाले नीतिश रेड्डी(13 मैच, 264 रन) हैदराबाद के लिए सही वक्त पर अच्छी पारी खेल उसके संकटमोचक साबित हुए हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए शुरू के 14 मैचों में धार के साथ रफ्तार दिखाने के बावजूद उसके रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर (21 विकेट) सबसे कामयाब गेंदबाज रहे हैं लेकिन उन्हें खासतौर पर पॉवरप्ले में दूसरे छोर से दबाव बनाने के लिए दमदार साथी तेज गेंदबाज की कमी अखर रही है हालांकि ब्रजेश शर्मा (13 मैच, 11 विकेट), नैंड्रे बर्गर (11 विकेट), संदीप शर्मा (6मैच, 5विकेट) की कमी उससे इस सीजन में बराबर अखर रही है। बतौर लेग स्पिनर रवि बिश्नोई(11 विकेट),यशराज पंजा (6 मैच, 8 विकेट) और रवींद्र जडेजा (12 मैच, 8 विकेट) भी राजस्सथान रॉयल्स के लिए सही समय पर विकेट चटकाने के लिए जूझते नजर आए हैं और यही उसे इलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भारी पड़ सकता है।

हमारे खिलाड़ी न्यू चंडीगढ़ की पिच से वाकिफ हैं : कमिंस
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने मौजूदा चैंपियन आरसीबी पर अंतिम लीग मैच में दमदार जीत कहा, ‘हमारा आरसीबी के खिलाफ 255 रन का पहुंचना खासा प्रभावी था । मेरा मानना है कि हमारे बल्लेबाजों ने बहुत बढ़िया बल्लेबाजी की। आरसीबी ने हमारे बड़े स्कोर तक पहुंचने की कोशिश जरूर की लेकिन हम उसके खिलाफ अलग रणनीति बना बड़े अंतर से जीतने में कामयाब रहे। हमारे गेंदबाजों ने वाकई धारदार गेंदबाजी की है। मैंने अपनी सनराइजर्स हैदराबाद टीम के साथी गेदबाजो से बहुत कुछ सीखा। इशान मलिंगा हमारे रंग में चल रहे गेंदबाज हैं और उनकी गेंदबाजी में खासी विविधता है। साथ ही हमारे पास साकिब हुसैन जैसा बढ़िया तेज गेंदबाज भी है और हर कप्तान ऐसे ही धारदार गेंदबाजी आक्रमण की आस करता है। हमें इलिमिनेटर में न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ना है और हमारे खिलाड़ी इसकी पिच से वाकिफ हैं।’

हमें अभी बहुत चीजें और बेहतर करने की जरूरत : पराग
कामयाब राजस्थान रॉयल्स के नाकाम कप्तान रियाग पराग ने कहा,‘ मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत में काफी चीजें योजना के मुताबिक होने से खुश हूं। बावजूद इसके हमें अभी बहुत सी चीजें और बेहतर करने की जरूरत है। मैं चाहता हूं कि क्रीज पर जमे हमारे बल्लेबाज थोड़ा और लंबा खेले क्योंकि हमें रनों की जरूरत है। हमें क्रीज पर एक साथ दो ऐेसे बल्लेबाज नहीं चाहिए जो कि एक गेंद पर एक रन बनाए। मैंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इसीलिए पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा क्योंकि हमें तब तेजी से 20 रन की जरूरत थी, जो उन्होंने बनाए भी। मैंने मौजूदा आईपीएल में कई जोखिम भरे फैसले लिए और मेरी अपनी राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी का अंदाज यही है। मैंने सोचा कि आर्चर ही हार्दिक पांडया को आउट कर कते हं और उन्होंने ऐसा करके भी दिखाया। मैं अक्सर मुश्किल घड़ी में अपने मन की सुन कर फैसले लेता हूं। भले ही मैंने तेज गेंदबाज ब्रजेश शर्मा और स्पिनर पंजा की बहुत तारीफ नहीं की लेकिन पंजा का नेट बॉलर से टीम के मुख्य गेंदबाज के रूप में सफर और ब्रजेश ने गजब की गेंदबाजी की है। मैं बेशक फिट नहीं था और मुंबई और अगले मैच में नहीं खेलना था। मैं अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को इलिमिनेटर में जरूर खेलूंगा। जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा हमारी राजस्थान टीम के मजबूत योद्धा हैं। हमें पहले ही प्ले ऑफ के लिए क्वॉलिफाई कर लेना चाहिए था, खैर।
न्यू चंडीगढ़ : राजस्थान रॉयल्स वि सनराइजर्स हैदराबाद (शाम साढ़े सात बजे से)।