सलीमा टेटे होंगी एफआईएच हॉकी विश्व कप में भारत की महिला हॉकी टीम की कप्तान

Salima Tete will captain the Indian women's hockey team at the FIH Hockey World Cup

चीफ कोच मराइन बोले, हमारी टीम विश्व कप की चुनौती के लिए तैयार

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : तेज तर्रार आक्रामक सेंटर हाफ सलीमा टेटे 15 अगस्त से एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम एंड नीदरलैंड 2026 में भारत की 20 सदस्यीय महिला हॉकी टीम की कप्तान होंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम के चीफ कोच शुएर्ड मराइन ने विश्व कप के लिए चुनी टीम को बेहद संतुलित बताया। 15 से 30 अगस्त तक होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप की मेजबानी नीदरलैंड और बेल्जियम संयुक्त रूप से कर रहे हैं। हाल ही में सलीमा टेटे को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी भारत की महिला हॉकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था।

भारतीय महिला हॉकी टीम फिलहाल बेंगलुरू में चल रहे राष्ट्रीय शिवर में शिरकत कर रही है। सलीमा टेटे की कप्तानी और चीफ कोच शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले महीने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड को एफआईएच महिला नेशंस कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में हरा खिताब जीत सभी को प्रभावित किया। महिला हॉकी विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम की बाबत चीफ कोच शुएर्ड मराइन ने कहा,‘हमने विश्व कप के लिए ऐसी टीम चुनी है जो कि बड़ी चुनौती के लिए तैयार है। हमारी टीम ने विश्व कप की तैयारियों खेले टू्नामेंट में बढ़िया प्रदर्शन किया है। मुझे अभी टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा है। हमारी निगाहें महिला हॉकी विश्व कप जैसे सबसे बड़े मंच पर दुनिया की श्रेष्ठ टीमों का मुकाबला करने पर लगी हैं।’

भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप में पूल डी में खिताब की मजबूत दावेदार चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ है।

भारतीय महिला टीम अपने सभी पूल मैच वेगनर हॉकी स्टेडियम, एम्सतलवीन (नीदरलैंड) में खेलेगी। भारतीय महिला हाकी टीम अपने अभियान का आगाज 16अगस्त को चीन के खिलाफ करने के बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगी।

एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम:
गोलरक्षक : सविता , बिच्छू देवी खरीबम।
रक्षापंक्ति : इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरम्बम, ललथांतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास।
मध्यपंक्ति : निकी प्रधान, साक्षी राणा, सुनीलिता टोपो, सलीमा टेटे(कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग।
अग्रिम पंक्ति : ललरेमसियामी, ऋतुजा डडासो पिसल,नवनीत कौर, दीपिका सहरावत, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।