- भारत को रोहित व श्रेयस अय्यर से बड़ी पारी की आस
- रोहित और विराट 2027 के वन डे विश्व कप के लिए भारत के लिए अहम
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : शुभमन गिल के हौसले शतक जमा रंग में होने और भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में हाल ही में इकलौता क्रिकेट टेस्ट मैच जिताने से बेशक बुलंद होंगे। शुभमन गिल अब भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में शनिवार से शुरू हो रहे तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज के पहले मैच में जीत के साथ आगाज कर बतौर कप्तान पहली वन डे सीरीज भी जिताने को बेताब होंगे। दोनों देशों के बीच अब तक हुए चार वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारत ने तीन मैच जीते और जबकि एक टाई रहा है। भारत की कोशिश बेशक अपना दबदबा बनाने की जरूर होगी लेकिन क्रिकेट के दोनों छोटे फॉर्मेट में अफगानिस्तान खासी मजबूत है। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत इस साल जनवरी में मेहमान न्यूजीलैंड से वड़ोदरा का पहला मैच जीतने के बाद अगले लगातार दो मैच हार कर तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 1-2 से हार गया था। इस हार को लेकर तब भारत के कप्तान शुभमन गिल और चीफ कोच गौतम गंभीर की खासी आलोचना हुई थी। 2027में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले आईसीसी वन डे क्रिकेट विश्व कप के लिए सही तैयारियों के मद्देनजर भारत के लिए अफगानिस्तान से यह तीन वन डे मैचों की सीरीज जीतनी बेहद जरूरी है। अब केवल वन डे अंतर्राष्ट्रीय खेल रहे रहे दो सबसे अनुभवी सदाबहार विराट कोहली और रोहित शर्मा के अनुभव की भारत को दक्षिण अफ्रीका में 2027 के वन डे विश्व कप में बेशक बहुत जरूरत होगी और वह चाहेगा कि ये दोनों पूरी तरह फिट रहें। अगले वन डे विश्व कप के शुरू होने तक विराट कोहली भले ही 39 और रोहित शर्मा 40 बरस के हो जाएंगे लेकिन दक्षिण अफ्रीका की तेज और ऐसी पिचें जहां गेंद बहुत मूव होती है उन पर इन दोनों का अनुभव खासा कारगर रहेगा। ऐसे में 2027 के वन डे विश्व कप के लिए भारत की एकादश में इनकी जगह तय मानी जानी चाहिए इसके लिए बेवजह सवाल उठाने की जरूरत नहीं है।
दोनों टीमें आखिरी बार आईसीसी 2023 वन डे क्रिकेट विश्व कप के मैच जब भिड़ी तो तब अभी टीम में शामिल रोहित शर्मा के शतक और इशान और श्रेयस की बड़ी पारियों से भारत ने अफगानिस्तान पर दिल्ली में एकतरफा मैच आठ विकेट से हराया और तब की टीम के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम में हैं।वहीं अफगानिस्तान की टीम में उसके लिए वन डे विश्व कप मे खेलने वाले सात खिलाड़ी मौजूदा टीम में है। विराट कोहली के जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते उपलब्ध नहीं होने पर दिलचस्प यह होगा कि रंग में चल रहे रोहित शर्मा के साथ यशस्वी भारत की पारी का आगाज करते हैं अथवा इशान किशन। भारत के लिए तीसरे नंबर पर उपकप्तान श्रेयस अय्यर, चौथे पर कप्तान शुभमन गिल,पांचवें पर केएल राहुल और फिर ऑलराउंडर वाशिंगटन, नीतिश रेड्डी व हर्ष दुबे, कुलदीप यादव ,अर्शदीप और बाकी तेज गेंदबाजों में कोई एक बल्लेबाजी के लिए उतरेगा।
भारत के बल्लेबाजों को अफगानिस्तान के सदाबहार लेग स्पिनर राशिद खान और तेज गेंदबाज ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई व इकलौते टेस्ट की पहली पारी में छह विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम से चौकस रहने की जरूरत है। धर्मशाला के नम मौसम में दोनों ही टीमों के कप्तानों को एक मुश्किल फैसला करना होगा कि तीन तेज गेंदबाज या दो स्पिनरों अथवा तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों में किस संयोजन के साथ इस मैच में उतरेंगे।भारत के पास तेज गेंदबाजों के रूप में पांच मजबूत विकल्प हैं और जिस तरह प्रसिद्ध कृष्णा ने इकलौते टेस्ट में विकेट चटका भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी उसके चलते उनका भी पहले वन डे के लिए एकादश में जगह पाने का मजबूत दावा है। श्रेयस अय्यर लंबे समय बाद भारत की वन डे टीम में बतौर उपकप्तान लौटे और बेशक धर्मशाला के लिए आईपीएल में अपनी पंजाब किंग्स के लिए काफी खेलने से इसकी पिच के मिजाज से खासे वाकिफ हैं। धर्मशाला में इसीलिए श्रेयस से रोहित के साथ बड़ी पारी की आस की जा सकती है। अभ्यास सत्र में लय पाने के बाद जिस तरह भारत के पूर्व वन डे कप्तान रोहित शर्मा के साथ जिस तरह लय में दिखे उसके मद्देनजर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा सकती है। जब विराट कोहली जब भी फिट होकर भारत की वन डे टीम में लौटेंगे तो फिर इशान किशन को एकादश से बाहर बैठना पड़े ,लेकिन वह मिले मौके को भुनाने की पूरी कोशिश करेंगे। किसी भी शीर्ष बल्लेबाज के चोट व अन्य किसी कारण से उपलब्ध न होने पर बेशक वह टीम इंडिया के लिए आगामी वन डे विश्व कप के लिए बराबर एक अच्छा विकल्प हैं। साथ ही हर्ष दुबे बाएं हाथ के स्पिन ऑलरांडर के रूप में मौका मिलने पर कितने कामयाब रहेंगे यह देखना खासा दिलचस्प होगा।
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी वन डे में भी इकलौते टेस्ट में पहली पारी में इकलौते संघर्ष कर अर्द्बशतक जड़ने वाले रहमत शाह व दूसरी पारी अकेले डटे रहने वाले सादिकउल्लाह अटल, कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी, इब्राहिम जादरान और ऑलराउंड अजमतुल्लाह ओमरजई पर निर्भर करेगी। जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते विराट कोहली व चोट के चलते ऑलराउंडर हार्दिक पांडया के उपलब्ध नहीं होने और कार्यभार प्रबंधन के चलते अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को आराम दिए जाने के चलते श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, नीतिश रेड्डी के साथ नवोदित तेज गेंदबाज प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे को भविष्य की भारतीय वन डे टीम तैयार करने के मकसद से मौजूदा वन डे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया है। धर्मशाला के नम में खासतौर पर तेज और स्विंग की भूमिका खासी अहम रहने वाली है और ऐसे में दिलचस्प होगा कि बुमराह व सिराज को आराम दिए जाने के चलते अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के साथ भारत तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव में से एक को अपने वन डे अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज करने का मौका देगा अथवा अनुभवी प्रसिद्ध कृष्णा पर भरोसा कर उतरेगा। भारत को शुरुआती विकेट दिलाने का जिम्मा बाएं हाथ के अर्शदीप व बहुत मुमकिन है कि अपने वन डे क्रिकेट करियर का आगाज शुरू करने वाले प्रिंस यादव और ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी पर रहने की उम्मीद है। भारत के लिए अच्छी बात है उसके पास बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदी यादव के साथ वाशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे के रूप में बढ़िया स्पिन त्रिमूर्ति भी है।
भारत की वन डे टीम : शुभमन गिल (कप्तान),श्रेयस अय्यर(उपकप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन(विकेटकीपर), नीतिश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, हर्ष दुबे।
अफगानिस्तान की वन डे टीम : हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सादिकउल्लाह अटल, दरवेश रसूली, रहमत शाह, इकरम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुलल्लाह ओमरजइ, राशिद खान, नंगयाल खरोटी, गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक ,बिलाल समी, मोहम्मद सलीम।
शनिवार का वन डे मैच : भारत वि अफगानिस्तान (धर्मशाला), दोपहर डेढ़ बजे से।





