मेरिनो के इकलौते गोल से स्पेन ने पुर्तगाल पर जीत से क्वॉर्टर फाइनल में स्थान पाया

Spain secured a spot in the quarter-finals with a victory over Portugal, courtesy of Merino's solitary goal

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : बदलू खिलाड़ी माइकल मेरिनो के खेल खत्म होने से पहले इंजुरी टाइम के पहले मिनट में दागे इकलौते व निर्णायक गोल की बदौलत स्पेन ने पुर्तगाल पर मंगलवार सुबह डलास स्टेडियम, टैक्सस में 1-0 से जीत के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के क्वॉर्टर फाइनल में स्थान बना लिया। मूलत: अग्रिम पंक्ति और मध्यपंक्ति के बीच अहम कड़ी लिंकमैन के रूप में खेलने वाले मेरिनो मैच के 85 वें मिनट में डानी आल्मो की जगह खेलने उतरे और इंजुरी टाइम के पहले ही मिनट में गोल कर स्पेन की जीत की हीरो बन गए। स्पेन की टीम विश्व कप फुटबॉल में लगातार छह मैचों में एक भी गोल न खाने वाली पहली टीम बन गई। वहीं अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय गोल करने में तीन बरस लेने वाले माइकल मेरिनो अब स्पेन के लिए 17 मैचों में नौ गोल कर चुके हैं। दो पड़ोसी मुल्कों स्पेन और पुर्तगाल के बीच खेला गया मैच बेहद रोमांचक रहा। दुनिया और पुर्तगाल के धुरंधर स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रॉनाल्डो भी गोलरक्षक उनई साइमन के रूप में मौजूद स्पेन की मजबूत दीवार को तोड़ नहीं पाए।

गोलरक्षक उनई साइमन ने स्पेन के क्वॉर्टर फाइनल तक के सफर में अब तक एक भी गोल नहीं खाया। गोलरक्षक उनई साइमन ने गजब का गोता लगा कर स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रॉनाल्डो के शॉट को रोक कर पुर्तगाल को गोल करने से रोका।
स्पेन के स्ट्राइकर माइकल ओयरजबल ने डानी आल्मो के बेहतरीन पास पर पहले हाफ के शुरू में पुर्तगाल के गोल के सामने पहुंच तेज शॉट जमाया लेकिन बदकिस्मती से गेंद गोलस्तंभ की बल्ली से टकरा कर बाहर निकल गई। क्रिस्टियानो रॉनाल्डो गेंद को लेकर स्पेन के बॉक्स की ओर पहुंचे और उनके द्वारा बढ़ाई गेंद पर नूनो मेंडेज का शॉट गोलस्तंभ को टकरा बाहर निकल गया और पुर्तगाल की टीम बढ़त लेते लेते रह गई। पुर्तगाल के गोलरक्षक डियोगो कोस्टा ने स्पेन के अलेक्स बाइना के लहराते को उछल कर हाथ से बाहर कर उन्हें गोल करने से रोका। दोनों टीमों ने दूसरे हाफ में संभल कर शुरुआत की और एक समय मैच अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता लग रहा। तब स्पेन के दो बदलू खिलाड़ियों 75 वें मिनट में अलेक्स बाइना की जगह उतरे मिडफील्डर फेरन टोरेस और डानी आल्मो की जगह 85 में उतरे माइकल मेरिनो की जुगलबंदी रंग लाई। फेरन टोरेस द्वारा फ्री किक पर बढ़ाई गेंद माइकल मेरिनो ने नीचा अचूक दमदार शॉट जमा गोल कर स्पेन को 1-0से आगे कर दिया। मेरिनो के इस गोल से हासिल बढ़त को स्पेन ने आखिर तक बरकरार रख कर मैच जीत लिया।

जैसे ही मैच के खत्म होने की आखिरी सीटी बजी तो फुटबॉल के सबसे बड़े मंच विश्व कप पर दुनिया और पुर्तगाल के महान स्ट्राइकर क्रिस्टियानो के बतौर फुटबॉलर शानदार करियर का समापन हो गया। 41 बरस के क्रिस्टियानो रॉनाल्डो ने इस मैच के शुरू होने से पहले कहा था कि यह बतौर फुटबॉलर उनका आखिरी विश्व कप मैच है। क्रिस्टियानो रॉनाल्डो छह विश्व कप में खेल कर इसमें सभी में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। क्रिस्टियानो रॉनाल्डो ने छह विश्व कपों में 27 मैचों में खेल कर 11 गोल किए।

बदलू खिलाड़ी के रूप में उतरने वाले खिलाड़ी अहम :फ्यूंटे
स्पेन के कोच लुइस डे ला फ्युंटे ने अपनी टीम की पुर्तगाल पर जीत के साथ क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने पर कहा,‘ अहम खिलाड़ी वे होते हैं तो बाहर बेंच से बदलू खिलाड़ियों के रूप में मैदान पर उतरते हैं। मैंने बदलू खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरने वाले माइकल मेरिनो से कहा वह उसी तरह खेले जिस तरह वह खेलते हैं। मेरिनो की भूमिका मिडफील्डरों और फॉरवर्डों की मदद करने की है। मेरिनो को उतार हमने अपनी टीम को जरूरी उर्जा और लय देने की कोशिश की। बेंच से मैदान पर बदलू खिलाड़ी के रूप में उतरने वाले खिलाड़ी असरदार रहे। हम ऐसा इसलिए कर पाए क्येंकि हमारे पास 26 उत्कृष्ट फुटबॉलर हैं।’

हमने अपने मौके को भुना मैच जीता : पैड्री
स्पेन के मिडफील्डर पैड्री ने कहा,‘ हम जानते थे कि पुर्तगाल मजबूती से अपने किले की चौकसी करेगी। दोनों ही टीमें बराबरी की थीं। दोनों ही टीमों का ध्यान गेंद को अपने कब्जे में रखने पर था। मेरा मानना है कि हमने अच्छी फुटबॉल खेली। आखिर में हमने अपने मौके को भुना कर मैच जीत लिया। हम क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने से ही संतोष नहीं कर सकते। हम अपनी जीत से जरूर खुश हैं।‘

दूसरे हाफ में पीछे रह गेंद गंवाना भारी पड़ा : ब्रूनो फर्नांडेज
पुर्तगाल के कोच ब्रूनो फर्नांडेज ने कहा,‘ बेशक हम स्पेन से अंतिम 16 मैच में हार से दुखी हैं। हम जीतने के मकसद से इस मैच में उतरे थे। अफसोस कि हम अपने पूरे रंग में नहीं थे। मेरा मानना है कि हम पहले हाफ में बेहतर खेले, लेकिन दूसरे हाफ में हमने वही गलती की कि मैदान पर बहुत पीछे रह कर बचाव की कोशिश में गेंद स्पेन को गंवा दी। जब ऐसा होता है तो आप गोल खाते ही हैं। स्पेन को जीत के साथ क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने के लिए बधाई। मैं यह जरूर कहूंगा कि हम पहले हाफ में स्पेन के खिलाफ जैसा बढ़िया खेले वैसा ही दूसरे हाफ में भी खेले होते तो बेहतर नतीजा हासिल कर सकते थे।’