नौजवान मंजंबी के दो गोल से स्विटजरलैंड ने बोस्निया हर्जेगोविना को हरा पहली जीत दर्ज की

Switzerland secured their first victory by defeating Bosnia and Herzegovina, thanks to two goals from the young Manzambi

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दूसरे हाफ में खेलने उतरे 20 बरस के नौजवान बदलू स्ट्राइकर योहान मंजंबी के मैच के आखिरी 15 मिनट के भीतर दागे दो और रुबन वर्गज और अनुभवी खिलाड़ी कप्तान ग्रेनिट खाका के मैच खत्म होने ठीक पहले इंजुरी टाइम में मिली पेनल्टी किक पर दागे एक -एक गोल की बदौलत स्विटजरलैंड ने बोस्निया हर्जेगोविना को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के ग्रुप बी के मैच में लॉस एंजेल्स के लॉस एंजेल्स स्टेडियम मे शुक्रवार को 4-1 से हरा कर पहली जीत दर्ज की। पराजित बोस्निया हर्जेगोविना के लिए मैच का इकलौता गोल खेल खत्म होने से पहले अर्मिन महमिच ने दागा।

मैच एक समय यह ड्रॉ की ओर बढ़ता लग रहा था लेकिन इसमें आखिरी इंजुरी टाइम सहित आखिरी 24 मिनट के भीतर ही पांचों गोल हुए और इसमें स्विटजरलैंड ने चार गोल कर बड़ी जीत दर्ज की। स्विटजरलैंड ने कतर के खिलाफ अपना पहला मैच ड्रॉ खेला था और अब उसके अब दो मैचों से चार अंक हो गए हैं। स्विटजरलैंड की टीम गोल अंतर में कनाडा से पिछड़ कर ग्रुप बी में फिलहाल दूसरे स्थान पर है।

स्विटजरलैंड के सबसे नौजवान स्ट्राइकर योहान मंजंबी दो गोल कर उसकी जीत की नायक बन गए। 20 बरस के मंजंबी स्विटजरलैंड के लिए विश्व कप में गोल करने वाले सबसे कम उम्र के फुटबॉलर हैं। मैच के 97 वें मिनट में पेनल्टी किक पर यदि जब स्विटजरलैंड मंजंबी को इसे लेने का मौका देती तो वह मौजूदा विश्व कप में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी और कनाडा के जोनाथन डेविड की तरह हैट्रिक पूरी वाले तीसरे फुटबॉलर बन सकते थे। स्विटजरलैंड ने यह पेनल्टी किक लेने का जिम्मा अपना लगातार चौथा विश्व कप खेल रहे कप्तान ग्रेनिट खाका को सौंपा और वह इसे गोल में तब्दील बदल कर विश्व कप में शकीरी के बाद तीन गोल करने वाले अपने देश के तीसरे फुटबॉलर बन गए।

नीरस पहले हाफ के बाद दूसरे हाफ में बदलू स्ट्राइकर के रूप योहान मंजंबी के स्विटजरलैंड के लिए खेलने उतरने से मैच जीवंत हो उठा । योहान मंजंबी ने मैच के 74 वे मिनट में बॉक्स के भीतर पहुंच तेज दनदनाता शॉट जमा गोल कर स्विटजरलैंड को 1-0 से आगे कर दिया। एक अन्य बदलू खिलाड़ी रुबन वर्गज ने दस मिनट बाद दाएं पांव से चतुराई से अचूक शॉट जमा गोल कर स्विटजरलैंड की बढ़त 2-0कर दी। योहान मंजंबी ने 90 मिनट में अपना दूसरा व एक और बेहतरीन गोल कर स्विटजरलैंड को 3-0 से आगे कर दिया। सात मिनट के इंजुरी टाइम के तीसरे मिनट में बोस्निया हर्जेगोविना के बदलू खिलाड़ी अर्मिन महमिच ने दनदनाता शॉट जमा गोल कर स्कोर 1-3 कर दिया। अभी भी मैच में पिक्चर बाकी थी। मैच में इंजुरी टाइम खत्म होने से पहले कप्तान ग्रेनिट खाका ने बहुत ही इत्मिनान से पेनल्टी किक को गोल में बदल कर स्विटजरलैंड को 4-1 से मैच जिता दिया।

धैर्य दिखा मैच में मौके बनाने का इंतजार किया :याकिन

स्विटजरलैंड के कोच मूरत याकिन ने अपनी टीम की मौजूदा विश्व कप फुटबॉल में पहली जीत पर कहा,‘ हमारी टीम के लिए शुक्रवार को मैदान पर उतर पूरे जोश से खेल कर सवालों का हल तलाशना जरूरी था। धैर्य दिखा हमने मैच में अपने मौके बनाने का इंतजार किया। इससे हमारी प्रतिद्वंद्वी बोस्निया हर्जेगोविना को पलटवार करने का मौका नहीं मिला। बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाड़ी जब बहुत दौड़ चुके थे तब हमने अपने तरोताजा तेज खिलाड़ियों को उतारा तो हमें उसके गोल की ओर बढ़ने का मौका मिला। हम प्रभावशाली ढंग से मैच जीतने में कामयाब रहे।’

विश्व कप में दो गोल मेरे करियर का शानदार पल : मंजंबी
दो गोल कर स्विटरजलैंड को मैच जिताने वाले 20 बरस के स्ट्राइकर योहान मंजंबी ने कहा,‘ बेशक विश्व कप में दो गोल कर स्विटजरलैंड को जिताना मेरे करियर का अब तक का सबसे शानदार पल है। मैं जानता हूं कि हम क्यों मैच में बढ़िया शुरुआत नहीं कर पाए क्योंकि हमें मैच में धैर्य दिखाने की जरूरत थी। हमने शुक्रवार को दिखा दिया कि हमारी स्विटजरलैंड की टीम एक बढ़िया टीम है।’

स्विटजरलैंड ने हमें धो दिया: बरबारेज
बोस्निया हर्जेगोविना के कोच सर्जेई बरबारेज ने कहा,‘ पानी के अंतराल से पहले तक हमारी टीम बढ़िया खेल रही थी और हमने स्विटजरलैंड पर दबाव डाला। हमने वैयक्तिक कौशल से सज्जित बढ़िया स्विटजरलैंड की टीम की बाबत आपस में चर्चा भी की। स्विटजरलैंड की टीम ने शुक्रवार को हमें धो दिया, बस यही जिंदगी है। हमारी दस मैचों में यह पहली हार है लेकिन विश्व कप अभी खत्म नहीं हुआ है। हमारे पास अभी भी एक मैच बाकी है हम उसे जीतने की कोशिश करेंगे।’