फ्रांस के सामने स्पेन की ‘दीवार’ गोलरक्षक साइमन से पार पाने की चुनौती
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कईलियान बापे और ओस्मान डेम्बले जैसे दुनिया के बेहतरीन स्ट्राइकरों से सज्जित फ्रांस का अपनी मजबूत किलेबंदी के लिए ख्यात मौजूदा यूरोपीय चैंपियन स्पेन के खिलाफ डलास में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के पहले सेमीफाइनल में मंगलवार को कड़ा इम्तिहान होगा। फ्रांस को स्पेन के खिलाफ जिता कर फाइनल में पहुंचाने का दारोमदार अब तक छह मैचों में आठ गोल कर मौजूदा विश्व कप में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी के साथ गोल दागने में शीर्ष पर चल रहे स्ट्राइकर कइलियान बापे पर होगा। कईलियान बापे ने 2018 में विश्व कप फाइनल में फ्रांस के लिए गोल कर उसे 4-2 से जीत दिलाने खिताब जिताने और 2022 में कतर मे अर्जेंटीना के खिलाफ फाइनल में हैट्रिक जमा निर्धारित समय में तीन तीन की बराबरी के बाद अपनी टीम के शूटआउट में 2-4 से हारने के बावजूद पेनल्टी किक पर गोल किया था।
दो बार की चैंपियन फ्रांस आठवीं बार सेमीफाइनल खेलेगी। पिछली उपविजेता फ्रांस के पास जर्मनी (1982, 1986, 1990) के बाद लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल में खेलने वाली दूसरी यूरोपीय टीम बनने का मौका है। फ्रांस लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल में स्थान पाने से बस एक कदम दूर है। फ्रांस ग्रुप मैचों में सेनेगल, इराक और नॉर्वे , अंतिम 32 में स्वीडन, अंतिम 16 में जुझारू पुर्तगाल और क्वॉर्टर फाइनल में मोरक्को पर जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंची है। फ्रांस और स्पेन का विजेता 19 जुलाई को न्यू जर्सी स्टेडियम में फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा। स्पेन मात्र चौथी बार विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। स्पेन ने अब तक मात्र एक बार 2010 में विश्व कप जीता था। स्पेन की टीम 2014 में ग्रुप चरण में और इससे अगले दोनों संस्करणों में अंतिम 16 में हार कर बाहर हो गई थी। कोच लुइस ड फ्युंटे के मार्गदर्शन वाली स्पेन 2024-25 का यूईएफए नेशंस लीग खिताब जीत कर विश्व कप 2026 में खेलने उतरेगी। स्पेन ने फ्रांस को यूईएफए नेशंस लीग के सेमीफाइनल में 2-1 से अर यूईएफए यूरो कप 2024 में 5-4 से हराया था।
स्पेन के नौजवान स्ट्राइकर लमाइन यमाल ने ठीक ही कहा कि उनकी टीम फ्रांस से डरती नहीं है। फ्रांस के 27 बरस के स्ट्राइकर बापे(20 गोल) अब तक विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में लियोनल मैसी (21 गोल) के बाद सबसे ज्यादा गोल में दूसरे स्थान पर हैं। फ्रांस के हमलों का दारोमदार अकेले बापे पर नहीं है, बल्कि ओस्मान डेम्बले, माइकल ओलिस, डिजायर डू और ब्रैडले बारकोला के रूप में भी उसके पास गोल करने वाले कई विंगर और स्ट्राइकर हैं । फ्रांस के पास तेज तर्रार अग्रिम पंक्ति के साथ मनु कोन एड्रियन रैबियो के रूप में चतुर मध्यपंक्ति हैं। सोने पर सुहागा फ्रांस के पास डयूट अपमैकनो और विलियम सालिबा के रूप में मजबूत रक्षापंक्ति भी है, जिसने की अब तक छह मैचों में मात्र दो ही गोल खाए हैं। फ्रांस को लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचना तो फिर उसके स्ट्राइकर कइलियान बापे, ओस्मान डेम्बले, माइकल ओलिस और डिजायर डू जैसे तेज तर्रार स्टाइकरों के सामने स्पेन के गोलरक्षक उनई साइमन के साथ फुलबैक कुकरेला और पेड्रो पोरो के रूप में मजबूत रक्षापंक्ति की अभेद्ध दीवार को भेदना होगा।
स्पेन की ताकत रॉड्री पेड्री और दानी ओल्मो के भी उसकी ऐसी मजबूत मध्यपंक्ति है जबकि गोलरक्षक उनई साइमन ने टीम के सेमीफाइनल तक के स्पेन में मात्र एक गोल खाया है। स्पेन के फुलबैक कुकरेला और पेडो पोरो अपने किले की मजबूती से चौकसी करने के साथ मौका मिलते ही आगे जाकर हमले बोलने में मदद करते हैं। स्पेन के पास 18 बरस के लमाइन यमाल, निको विलियम्स और माइकल ओयरजबल के रूप में फ्रांस के किले को भेद करने का दम रखने वाली अग्रिम पंक्ति है।
फ्रांस की संभावित शुरुआती एकादश : मईगनन, कोंडे, अपमैकानो, सालिबा, डिग्ने, कोन, रैबियो, ओलिस ,डेम्बले, डिजायर डू और कइलियान बापे।
स्पेन की संभावित शुरुआती एकादश: उनई साइमन, पोरो, कुब्राजी, लापोर्टे, कुकरेला,रॉड्री, पेड्री, लमाइन यमाल, डानी आल्मो, बाइना, ओयारजबल।
आगे का सफर ज्यादा मुश्किल होगा:बापे
फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर कलियान बापे ने कहा,‘ आराम तो बस जीत कर ही किया जा सकता है। जब तक हम जीत नहीं जाते हम रुकते नहीं है। बेशक सेमीफाइनल में पहुंच कर हम खुश हैं। अब आगे का सफर अब तक के सफर से कहीं ज्यादा मुश्किल होगा। हम किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।’
हम जहां पहुंचना चाहते थे, वहां पहुंच गए हैं : डैसचैम्प
फ्रांस के हेड कोच डिडियर डैसचैम्प ने कहा,‘मोरक्को के खिलाफ क्वॉर्टर फाइनल खासा संघर्षपूर्ण रहा। हम मोरक्को के खिलाफ पेनल्टी किक पर गोल करने से चूके ही, हमने और भी गोल करने के मौके गंवाए। कईलियान बापे की टखने की चोट को लेकर ठीक है। बापे को कभी खुद पर संदेह नहीं रहा। बेशक गोल करने से पहले बापे को गोल करने का मौका मिला था। हम ठीक वहीं हैं, जहां हम पहुंचना चाहते थे। मेरा मानना है फ्रांस में फुटबॉल को लेकर बहुत जुनून है। यह खिलाड़ियों का दायित्व है कि वे वह सब कुछ करें ,जो मुमकिन है।’
सेमीफाइनल में एक महान टीम दूसरी से मुकाबला : फ्युंटे
स्पेन के कोच लुइस डे ला फ्युंटे ने कहा,‘ स्पेन जैसी बराबर बेहतर करने को प्रतिबद्ध टीम को प्रशिक्षित करना सम्मान की बात है। यह सोचना सही कि हम फ्रांस को हरा सकते है। हम फ्रांस को हराने की शिद्दत से कोशिश करेंगे। हमारी टीम ऐसी इकलौती है जो कि फ्रांस को दो बार हरा चुकी है। सेमीफाइनल में एक महान टीम दूसरी महान टीम से भिड़ेगी।’
उम्मीद फ्रांस के खिलाफ भी गोल करने में कामयाब रहूंगा : मेरिनो
स्पेन के स्ट्राइकर माइकल मेरिनो ने कहा, ‘मैं अपनी टीम की बेल्जियम पर जीत: से रोमांचित हूं। हम विश्व कप जीतने से बस दो कदम (मैच) दूर है। यह एक सपने के सच होने जैसा होगा। हमें उम्मीद है हम अपने अगले दो मैच जीत विश्व कप जीत पाएंगे। हर कोई इन मैचों को देख रहा है। मैं उम्मीद करता हूं कि मैं फ्रांस के खिलाफ भी गोल करने में कामयाब रहूंगा।’
तमन्ना बस यही कि स्पेन जीते : यमाल
स्पेन के 18 बरस के नौजवान सुपरस्टार लमाइन यमाल ने कहा, ‘ हम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। हम मैच खेलने और जीतने के लिए विश्व कप में आए थे। अब दो ही संभावनाएं हैं या तो फ्रांस की टीम तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलेगी और उन्हें तीसरी बार हराएंगे। मुझे नहीं मालूम क्या होगा लेकिन हम फ्रांस से नहीं डरते। मैं बेशक गोल करना चाहता हूं कयोंकि इससे टीम को मदद मिलती है लेकिन मैदान इस सब की बाबत सोच कर नहीं उतरता। हम विश्व कप जीतते हैं तो तब कोई यह याद नहीं रखेगा कि मैंने कितने गोल दागे, कितने चूके। मेरी तमन्ना बस यही रहती है कि हमारी स्पेन की टीम जीते। अहम बात यह है कि हम जीतने आए और इसमें मैं किसी भी तरह टीम को मदद करता हूं तो अच्छा है।‘
विश्व कप फुटबॉल सेमीफाइनल :फ्रांस वि स्पेन (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 12 बजे से)।





