15वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारत ए टीम में
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा श्रीलंका में 9 से 21 जून तक होने वाली त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज में 15 सदस्यीय भारत ए टीम की कप्तानी करेंगे। रेयन पराग को भारत ए टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।इस त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज में मेजबान श्रीलंका ए के साथ भारत ए और अफगानिस्तान ए क्रिकेट टीमें शिरकत करेंगी। बल्लेबाजी की नई सनसनी बिहार के 15 बरस के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज के लिए भारत ए टीम मेटीम मे शामिल किया गया है। वैभव सूर्यवंशी ने 2025 आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक जड़ा था। वैभव ने इसके बाद भारत को इस साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल 175 रन की यादगार पारी खेल आईसीसी अंडर 19 वन डे क्रिकेट विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। वैभव सूर्यवंशी ने अपने इस शानदार प्रदर्शन को राजस्थान रॉयल्सस के लिए अब तक 11 पारियों में एक शतक सहित 440 रन बनाकर जारी रखा। इसमें वैभव द्वारा लीग चरण में लगाए 40 छक्के भी शामिल हैं।
सीनियर पुरुष राष्ट्रीय क्रिकेट चयन समिति ने दाम्बुला में होने वाली त्रिकोणीय वन डे सीरीज के लिए बृहस्पतिवार को भारत ए क्रिकेट टीम की घोषणा की। भारत ए टीम इस त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज के साथ गाल में श्रीलंका ए के खिलाफ होने वाले बहु दिवसीय मैचों की सीरीज में भी शिरकत करेगी।
इस त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज के लिए भारत ए टीम में दिल्ली के नौजवान बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य, दिल्ली के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर आयुष बड़ोनी, पंजाब के विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के साथ हरियाणा के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर निशांत सिंधु को भी शामिल किया है। भारत ए टीम श्रीलंका में त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज में अपना पहला मैच 9 जून श्रीलंका ए के खिलाफ, 11 जून को अफगानिस्तान ए , 15 जून को फिर श्रीलंका ए और 17 जून को फिर श्रीलंका ए के खिलाफ खेलेगी। फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।
श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज के लिए भारत ए टीम : तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल काम्बोज,अरशद खान।





