दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल होंगे मुख्य अतिथि, स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का मिलेगा पावन सान्निध्य
रविवार दिल्ली नेटवर्क
नई दिल्ली : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में 14 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भव्य ‘अंतरराष्ट्रीय अग्र अलंकरण समारोह–2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में अग्रवाल समाज की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित प्रतिभाओं, समाजसेवियों, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
संगठन की ओर से जारी प्रेस आमंत्रण के अनुसार समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को परम पूज्य गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन श्री प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन में यह आयोजन संपन्न होगा।
इस अंतरराष्ट्रीय समारोह की विशेषता यह रहेगी कि इसमें भारत के साथ-साथ लंदन, जापान, सिंगापुर, अमेरिका, थाईलैंड, इंडोनेशिया, दुबई और नेपाल सहित विभिन्न देशों में सक्रिय अग्रवाल समाज की प्रतिभाओं एवं प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से विदेशों में रह रहे अग्र बंधुओं की उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके योगदान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक समरसता, सेवा, सहयोग और उद्यमशीलता की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह समारोह समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ देश-विदेश में बसे अग्रवाल समाज के लोगों को एक साझा मंच पर जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल तथा राष्ट्रीय महामंत्री श्री राजेश भार्गव के नेतृत्व में संगठन समाज की एकता, सामाजिक सेवा और प्रतिभाओं के सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
संगठन के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री श्री राजेश गुप्ता ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, वेब एवं सोशल मीडिया के पत्रकारों को समारोह में आमंत्रित करते हुए कार्यक्रम की व्यापक कवरेज का आग्रह किया है।





