न्यूजीलैंड के हेनरी के गेंद से ‘छक्के’ व यंग के शतक से भारत हुआ पस्त

India was defeated by New Zealand's Henry's sixes and Young's century.

हेनरी ने पहले ही ओवर में रोहित,विराट व श्रेयस को आउट कर न्यूजीलैंड को 244 रन से जिताया

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : रफ्तार के सौदागर मैट हेनरी के गेंद से ‘छक्के’ और दो जीवनदान के सहारे सलामी बल्लेबाज विल यंग द्वारा जड़े शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत को माउंट माउंगनुई में चौथे वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को 244 रन से करारी शिकस्त दे कर पांच मैचों की सीरीज में पहली जीत दर्ज की। मैट हेनरी ने अपने और पारी के पहले ही ओवर में बिना कोई रन दिए रोहित शर्मा (0 रन,1 गेंद), विराट कोहली (0 रन, 4 गेंद) और कप्तान श्रेयस अय्यर(0 रन, 1 गेंद) को आउट कर भारत की पारी को शुरू में बुरी तरह बिखेर कर न्यूजीलैंड को बड़ी जीत दिलाई। हेनरी ने खतरनाक ढंग से अचानक उछली गेंद पर रोहित शर्मा को स्लिप में फिन एलन के हाथों कैच कराने के बाद विराट कोहली को भीतर आती नीची रही गेंद पर बोल्ड किया जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर उनकी पिच हो तेजी से भीतर आती गेंद को खेलने से चूक एलबीडब्ल्यू आउट हुए। मैट हेनरी ने वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास और अपने करियर का संभवत: सबसे बेहतरीन और खतरनाक ओवर फेंक कर इसमें भारत व दुनिया के दो सबसे महान वन डे बल्लेबाजों रोहित शर्मा और विराट कोहली को खाता खोलने से पहले ही आउट कर पैवेलियन की राह दिखाई।

शुरू के दोनों मैच हारने और तीसरे के बारिश से धुलने के बाद न्यूजीलैंड ने चौथे वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच में पहली जीत के साथ सीरीज में भारत की बढ़त को कम कर 1-2 कर रविवार को पांचवां और अंतिम मैच जीत सीरीज दो दो की बराबरी पर समाप्त कराने की उम्मीदें जगा दीं। 19 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू दो टेस्ट मैच की क्रिकेट सीरीज की तैयारी के क्रम में भारत के नियमित वन डे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल , विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल और सीम गेंदबाज अंशुल काम्बोज का उपलब्ध न होना भारत को माउंट में बुरी तरह अखरा।

सलामी बल्लेबाज विल यंग (125 रन,108 गेंद, 4 छक्के, 14 चौके) के शानदार शतक व उनकी टिम सिरफिट (58 रन,48 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) के साथ पहली विकेट की 12 ओवर में 85 तथा फिन एलन (41 रन, 30 गेंद, पांच चौके, 2 छक्के) के साथ चौथे विकेट की 90 रन की भागीदारी की बदौलत पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 333 रन का पहाड़ का सा स्कोर बना कर आउट हो गई। भारत के स्विंग गेंदबाज आकिब नबी ने अपनी ही गेंद पर विल यंग (5) के लगातार दो गेंद पर दो कैच टपकाए और इसका उन्होंने पूरा लाभ उठाया शतक जमाया।

अक्षर पटेल(2/39) भारत के सबसे किफायती व कामयाब गेंदबाज रहे और उन्होंने निक कैली (4 दन, 8 गेंद) और एलन को आउट किया। विल यंग भारत के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर नमन धीर की गेंद को उड़ाने की कोशिश में बदलू फील्डर कुमार कुशाग्र के हाथों पारी के 37 वें ओवर में पांचवें बल्लेबाज के रूप में 258 पर आउट हुए जबकि सलामी बल्लेबाज सिरफिट ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़(2/69) की शॉर्ट पिच गेंद को उड़ाने के फेर में विकेटकीपर इशान किशन को कैच थमाया और बराड़ ने साथ ही माइकल ब्रेसवेल (15 रन, 20 गेंद, एक चौका) को भी आउट किया। तेज गेंदबाज आकिब नबी (2/59)ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (8 रन, 13 गेंद) व क्रिश्चियन क्लार्क (22 रन, 22 गेंद, एक छक्का, एक चौका)को आउट किया।

जीत के लिए 334 रन के पहाड़ के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैन ऑफ द’ मैच न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा,विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर के विकेट बिना कोई रन गंवाने के चलते इशान किशन(27 रन, 53 गेंद,चार चौके) व अक्षर पटेल (21 रन, 36 गेंद, तीन चौके) की पांचवें विकेट की 44 रन की भागीदारी और नमन धीर (21 रन, 24 गेंद, दो छक्के) की उपयोगी पारी के बावजूद भारत की पूरी टीम 26.4 ओवर में मात्र 89 रन पर ढेर हो बिना संघर्ष के मैच हार गई। हेनरी ने रोहित शर्मा,विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को शून्य पर आउट करने के साथ इशान किशन(27), आकिब नबी (5रन, 8 गेंद, 1 चौका), कुलदीप यादव(1 रन, 4गेंद) और गुरनूर बराड़ ( 2 रन, 13 गेंद) को बोल्ड किया। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर (3/31) ने अक्षर पटेल (21) को एलन के हाथों , नमन धीर (21) को सेंटनर और आकिब नबी (5) को विकेटकीपर टिम सिरफिट के हाथों कैच कराया जबकि ऋतुराज गायकवाड़ (5 रल, 13 गेंद) को तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने दूसरी स्लिप में ब्रेसवेल के हाथों कैच कराया।

दोनों पारियों में पिच एकदम अलग नजर आई: श्रेयस
शुभमन गिल की जगह पांच मैचों की सीरीज के न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में कप्तानी संभालने वाले श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम की चौथे मैच में शर्मनाक हार पर कहा,‘ मैच में दोनों पारियों में पिच एकदम अलग नजर आई। न्यूजीलैंड की इस जीत का श्रेय उसके बेहतरीन तेज गेंदबाज मैट हेनरी की बेहतरीन गेंदबाजी को है। जब हमने न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी की दावत दी तो हमने हर तरकीब आजमाई। न्यूजीलैंड ने जिस तरह पिच पर उछाल पर शॉट खेले तो उससे हमें लगा कि यह बल्लेबाजी के लिए बहुत बढ़िया थी। हमने कुछ कैच भी टपकाए लेकिन ऐसा होता रहता है। ब्रेक के दौरान हमें ऐसा लगा कि हम जीत का लक्ष्य आसानी से पा लेंगे। पिच पर जिस तरह नई गेंद सीम हो रही थी उससे यह समझ पाना मुश्किल था आखिर इस पर किस तरह बल्लेबाजी करें। किसी ने भी बेवजह अपना विकेट आसान से यूं ही नहीं गंवाया। अब हमें यह विश्लेषण करना होगा कि क्या सही रहा और हमसे कहां गलती हुई। हमें इस हार को भुला कर नई सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।

हेनरी ने पहले ही ओवर में तीन विकेट चटका हमें आगे कर दिया: सेंटनर
विजेता न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा,‘ मैं अपनी टीम की चौथे वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच में जीत से बहुत खुश हूं। यंग ने बढ़िया बल्लेबाजी की। कुछ मौके गंवाने के बावजूद हमने बढ़िया स्कोर बनाया। हम 360 रन बनाने की सोच रहे थे। हमारा इरादा ठीक था। हर भागीदारी में 20 रन जुड़ते तो हम अपनी पारी का समापन और बेहतर ढंग से कर सकते थे लेकिन भारत ने बीच बीच में विकेट चटका कर हमारी लय बिगाड़ी। जब नई गेंद से पिच से कुछ मदद मिल रही होत तो तब मैट हेनरी सबसे बढ़िया गेंदबाज हैं। हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारत के तीन बड़े विकेट निकाल कर हमें मैच में आगे कर दिया। हमने देचा था कि भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ किस तरह हमारे बल्लेबाजों पर दबाव बना रहे थे। फिशर की भी हमारी टीम में अहम भूमिका है क्योंकि लय में होने पर वब गजब की गेंदबाजी करते हैं। रविवार को हम पिच और हालात का जायजा लेकर उसी के मुताबिक आगे की अपनी रणनीति बनाएंगे।’