आत्महत्या नहीं, आत्मविश्वास और संवाद है समाधान

Self-confidence and dialogue are the solution, not suicide

सत्य भूषण शर्मा

आज का आधुनिक युग विज्ञान, तकनीक और सुविधाओं का युग कहलाता है, किन्तु विडम्बना यह है कि भौतिक प्रगति के साथ-साथ मानसिक तनाव, अकेलापन और निराशा भी तेजी से बढ़ रहे हैं। लगभग प्रतिदिन समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर यह दुखद समाचार देखने-सुनने को मिलते हैं कि किसी छात्र ने परीक्षा परिणाम खराब आने पर आत्महत्या कर ली, किसी युवती ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर जीवन समाप्त कर लिया, किसी कर्मचारी ने नौकरी के दबाव में आत्मघाती कदम उठा लिया अथवा किसी व्यक्ति ने आर्थिक संकट और मानसिक अवसाद के कारण अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आज यह समस्या केवल व्यक्तिगत नहीं रही, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।

विशेष रूप से वर्तमान समय में पारिवारिक विवाद आत्महत्याओं का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। संयुक्त परिवारों के विघटन, आपसी संवाद की कमी, पति-पत्नी के बीच बढ़ते तनाव, घरेलू कलह, पीढ़ियों के टकराव और रिश्तों में घटती संवेदनशीलता ने अनेक लोगों को मानसिक रूप से कमजोर बना दिया है। कई बार छोटी-छोटी बातों पर उत्पन्न विवाद इतना बढ़ जाता है कि व्यक्ति स्वयं को अकेला और असहाय महसूस करने लगता है। परिणामस्वरूप वह आवेश में आकर ऐसा कदम उठा लेता है, जिसका दुष्परिणाम पूरा परिवार जीवनभर भुगतता है।

इसी प्रकार परीक्षा परिणामों को लेकर विद्यार्थियों पर बढ़ता दबाव भी अत्यंत चिंताजनक है। आज शिक्षा का उद्देश्य ज्ञान प्राप्ति से अधिक अंक प्राप्ति और प्रतियोगिता बन गया है। अभिभावकों की अत्यधिक अपेक्षाएँ, समाज की तुलना, कोचिंग संस्कृति और सोशल मीडिया पर सफलता का दिखावटी वातावरण कई विद्यार्थियों को मानसिक तनाव की ओर धकेल रहा है। परीक्षा में असफलता या अपेक्षा से कम अंक आने पर अनेक छात्र-छात्राएँ स्वयं को असफल मान बैठते हैं और आत्महत्या जैसा दुर्भाग्यपूर्ण कदम उठा लेते हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि एक परीक्षा या एक परिणाम किसी व्यक्ति की सम्पूर्ण क्षमता का मापदंड नहीं हो सकता।

दुखद बात यह भी है कि देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों—जैसे आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों—में भी आत्महत्या की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं। अत्यधिक प्रतिस्पर्धा, मानसिक दबाव, अकेलापन, भाषा संबंधी समस्याएँ, भेदभाव की भावना और भविष्य को लेकर असुरक्षा विद्यार्थियों को भीतर से तोड़ देती है। जिन संस्थानों को देश का भविष्य गढ़ने का केंद्र माना जाता है, वहाँ यदि युवा मानसिक तनाव के कारण जीवन समाप्त करने को विवश हों, तो यह पूरे समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है।

वास्तव में आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। यह केवल एक क्षणिक निराशा और मानसिक दुर्बलता का परिणाम है। जीवन संघर्ष का नाम है और संघर्ष ही मनुष्य को मजबूत बनाता है। यदि किसी क्षेत्र में असफलता मिले तो व्यक्ति को पुनः प्रयास करना चाहिए। जिस प्रकार कोई पहलवान एक बार हारने पर अखाड़ा नहीं छोड़ता, बल्कि और अधिक मेहनत और तैयारी के साथ पुनः मैदान में उतरता है, उसी प्रकार जीवन में भी धैर्य और साहस बनाए रखना चाहिए।

आज आवश्यकता इस बात की है कि परिवारों में संवाद और अपनापन बढ़े। माता-पिता बच्चों को केवल अंक और सफलता के आधार पर न आँकें, बल्कि उनकी भावनाओं को भी समझें। बच्चों और युवाओं को यह विश्वास दिलाया जाए कि असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर है। विद्यालयों, महाविद्यालयों और राष्ट्रीय संस्थानों में नियमित काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाना चाहिए ताकि विद्यार्थी खुलकर अपनी समस्याएँ साझा कर सकें।

समाज को भी संवेदनशील बनने की आवश्यकता है। किसी व्यक्ति की असफलता का उपहास उड़ाने या उसे ताने देने के बजाय उसका मनोबल बढ़ाना चाहिए। कई बार एक सकारात्मक शब्द, एक सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार और एक आत्मीय संवाद किसी व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है।

जीवन में हार-जीत, सुख-दुःख, सफलता-असफलता चलती रहती हैं। अंधेरी रात के बाद उजाला अवश्य आता है। इसलिए निराशा के क्षणों में आत्महत्या जैसा कदम उठाने के बजाय अपने परिवार, मित्रों, शिक्षकों या विशेषज्ञों से खुलकर बात करनी चाहिए। आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच ही हर समस्या का वास्तविक समाधान है।

अंत में मैं यही कहना चाहूँगा कि यदि किसी को अपने जीवन को सार्थक बनाना है, तो वह समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा के कार्यों में स्वयं को समर्पित करे। जीवन अमूल्य है, इसे निराशा में समाप्त करने के लिए नहीं, बल्कि संघर्ष और सफलता की नई कहानी लिखने के लिए मिला है।