भारतीय संस्कृति में ‘क्षमा’ का शाश्वत महत्व और वैश्विक प्रासंगिकता

The Eternal Significance and Global Relevance of ‘Forgiveness’ in Indian Culture

द्वेष नहीं, क्षमा से जीते जाते हैं दिल

योगेश कुमार गोयल

हर वर्ष 7 जुलाई को ‘विश्व क्षमा दिवस’ मनाया जाता है, जो वास्तव में मानवीय मूल्यों, आत्मशुद्धि और सामाजिक समरसता की पुनर्स्थापना का एक सशक्त अवसर है। आधुनिक समय में जब व्यक्ति तनाव, प्रतिस्पर्धा, अहंकार और कटुता के जाल में उलझता जा रहा है, तब क्षमा की भावना न केवल व्यक्तिगत जीवन को संतुलित करती है बल्कि समाज में सौहार्द और शांति की स्थापना का भी मार्ग प्रशस्त करती है। विश्व क्षमा दिवस की स्थापना 1994 में कनाडा स्थित ‘क्रिश्चियन एंबेसी ऑफ क्राइस्ट अंबेसडर्स’ द्वारा की गई थी। प्रारंभ में इसे राष्ट्रीय स्तर पर मनाया गया किंतु धीरे-धीरे इसकी महत्ता और संदेश ने वैश्विक स्वरूप ग्रहण कर लिया। आज यह दिवस विश्वभर में लोगों को अपने संबंधों को सुधारने, पुराने मतभेदों को समाप्त करने और एक नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित करता है। यह दिवस हमें स्मरण कराता है कि क्रोध, द्वेष और प्रतिशोध से भरे मन के स्थान पर करुणा, सहानुभूति और क्षमाशीलता को अपनाना ही सच्ची मानवता है। क्षमा का अर्थ केवल किसी के अपराध को भूल जाना नहीं है बल्कि यह एक गहन मानसिक और भावनात्मक प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति अपने भीतर के नकारात्मक भावों को त्यागकर आत्मिक शांति प्राप्त करता है। यह स्वयं को मुक्त करने का मार्ग है क्योंकि द्वेष और आक्रोश सबसे पहले उसी व्यक्ति को क्षति पहुंचाते हैं, जो उन्हें अपने भीतर संजोए रखता है। इसलिए क्षमा को एक सकारात्मक ऊर्जा के रूप में देखा जाता है, जो हमारे मन, मस्तिष्क और आत्मा को शुद्ध करती है।

वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक दृष्टि से भी क्षमा का महत्व अत्यंत गहरा है। अनेक अध्ययनों में यह सिद्ध हुआ है कि क्षमा करने से तनाव, चिंता और अवसाद में कमी आती है। यह हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, रक्तचाप को नियंत्रित करती है और मानसिक संतुलन को बनाए रखती है। अमेरिका के विस्कॉन्सिन विश्वविद्यालय के अध्ययन में यह पाया गया कि क्षमाशील व्यक्ति अपेक्षाकृत कम बीमार पड़ते हैं और उनका जीवन अधिक संतुलित एवं सुखद होता है। मस्तिष्क के वैज्ञानिक अध्ययनों से भी यह स्पष्ट हुआ है कि जब कोई व्यक्ति क्षमा करने की प्रक्रिया में होता है, तब मस्तिष्क के भावनात्मक और सहानुभूति से जुड़े क्षेत्र सक्रिय हो जाते हैं, जिससे सकारात्मक मानसिक स्थिति उत्पन्न होती है।

यदि हम भारतीय संस्कृति की ओर दृष्टि डालें तो पाएंगे कि ‘क्षमा’ का स्थान अत्यंत ऊंचा और सम्मानजनक रहा है। भारतीय दर्शन में क्षमा को ‘मानव का सर्वश्रेष्ठ गुण’ कहा गया है। संस्कृत में एक प्रसिद्ध उक्ति है ‘क्षमा वीरस्य भूषणम्’ अर्थात क्षमा वीरों का आभूषण है। यह विचार स्पष्ट करता है कि क्षमा करना कायरता नहीं बल्कि महानता और आंतरिक शक्ति का प्रतीक है। भारतीय धार्मिक परंपराओं में क्षमा का अत्यंत व्यापक स्वरूप देखने को मिलता है। जैन धर्म में ‘क्षमावाणी’ या ‘क्षमा पर्व’ का विशेष महत्व है, जो पर्युषण पर्व के समापन पर मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे से ‘मिच्छामि दुक्कडम्’ कहकर क्षमा मांगते हैं, जिसका अर्थ है, ‘यदि मैंने किसी को जाने-अनजाने में कष्ट पहुंचाया हो तो मुझे क्षमा करें।’ यह परंपरा केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आत्मशुद्धि और सामाजिक सौहार्द का सशक्त माध्यम है। हिंदू धर्म में भी क्षमा को धर्म का मूल तत्व माना गया है। महाभारत और रामायण जैसे ग्रंथों में अनेक प्रसंग ऐसे मिलते हैं, जहां क्षमा को सर्वोच्च आदर्श के रूप में प्रस्तुत किया गया है। भगवान राम का चरित्र इस संदर्भ में अत्यंत प्रेरणादायक है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, करुणा और क्षमाशीलता का परिचय दिया। इसी प्रकार, बौद्ध धर्म में करुणा और क्षमा को जीवन का आधार माना गया है, जहां बुद्ध ने सिखाया कि द्वेष से द्वेष समाप्त नहीं होता बल्कि प्रेम और क्षमा से ही उसका अंत संभव है।

वैश्विक स्तर पर भी अनेक महान व्यक्तित्वों ने क्षमा की शक्ति को अपने जीवन में अपनाया और समाज के लिए प्रेरणा बने। दक्षिण अफ्रीका के नोबेल शांति पुरस्कार विजेता डेसमंड टूटू ने रंगभेद के बाद अपने देश में ‘सत्य और सुलह आयोग’ के माध्यम से यह सिद्ध किया कि क्षमा ही सामाजिक पुनर्निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि क्षमा का अर्थ अन्याय को स्वीकार करना नहीं बल्कि अपने भीतर के आक्रोश से मुक्त होना है। इसी प्रकार, तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने भी क्षमा को आंतरिक शांति और वैश्विक सद्भाव का मूल आधार बताया है। उनके अनुसार, क्षमा करने से हम न केवल दूसरों को बल्कि स्वयं को भी मुक्त करते हैं। यह दृष्टिकोण आधुनिक समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है, जहां छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते टूट जाते हैं और मानसिक तनाव बढ़ता जाता है। इतिहास में भी क्षमा के कई प्रेरणादायक उदाहरण मिलते हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जापानी पायलट नोबुओ फुजिता द्वारा अमेरिका के ओरेगन राज्य पर बमबारी की घटना के बाद, जब वह वर्षों बाद वहां गया और क्षमा मांगी तो स्थानीय लोगों ने उसे क्षमा कर दिया। यह घटना यह दर्शाती है कि क्षमा केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक हीलिंग का भी माध्यम हो सकती है। इसी प्रकार, पोप जॉन पॉल द्वितीय द्वारा अपने हमलावर को क्षमा करना मानवता के इतिहास में क्षमा का एक अद्भुत उदाहरण है।

क्षमा और सुलह के बीच अंतर को समझना भी आवश्यक है। क्षमा एक आंतरिक प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति अपने मन से द्वेष को त्याग देता है जबकि सुलह एक बाहरी प्रक्रिया है, जिसमें संबंधों को पुनः स्थापित किया जाता है। यह आवश्यक नहीं कि हर क्षमा सुलह में परिवर्तित हो लेकिन हर सुलह का आधार क्षमा ही होती है। आज के डिजिटल युग में, जहां सोशल मीडिया और त्वरित संचार ने संवाद को आसान बनाया है, वहीं गलतफहमियों और विवादों की संभावना भी बढ़ी है। ऐसे में क्षमा की भावना और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यह हमें सिखाती है कि प्रतिक्रिया देने से पहले विचार करें, दूसरों के दृष्टिकोण को समझें और यदि संभव हो तो क्षमा के माध्यम से संबंधों को मजबूत बनाएं। विश्व क्षमा दिवस हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करता है कि क्या हम अपने जीवन में किसी के प्रति द्वेष या क्रोध पालकर बैठे हैं? क्या हम किसी से क्षमा मांग सकते हैं या किसी को क्षमा कर सकते हैं? यह आत्ममंथन ही हमें एक बेहतर इंसान बनने की दिशा में अग्रसर करता है। बहरहाल, क्षमा केवल एक नैतिक गुण नहीं बल्कि जीवन जीने की एक कला है। यह हमें सिखाती है कि जीवन में शांति और संतुलन बनाए रखने के लिए हमें अपने भीतर की नकारात्मकता को त्यागना होगा। भारतीय संस्कृति की यह अनमोल धरोहर आज पूरे विश्व के लिए एक मार्गदर्शक सिद्ध हो सकती है।